फोरलेन पर हादसे ने छीना परिवार का सहारा, पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया नागेंद्र
पुराना भोजपुर के वार्ड संख्या 13 में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। 27 वर्षीय नागेंद्र राम की मौत के बाद उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चों के सिर से सहारे का हाथ उठ गया। नागेंद्र की मौत से गांव में मातम पसरा है, वहीं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के सामने अब रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।

केटी न्यूज/डुमरांव।
पुराना भोजपुर के वार्ड संख्या 13 में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। 27 वर्षीय नागेंद्र राम की मौत के बाद उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चों के सिर से सहारे का हाथ उठ गया। नागेंद्र की मौत से गांव में मातम पसरा है, वहीं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के सामने अब रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह नागेंद्र राम आंबेडकर नगर के समीप फोरलेन किनारे खेत देखने और शौच के लिए गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कुरियर मैजिक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल बक्सर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान सोमवार की देर शाम उनकी मौत हो गई।मंगलवार की देर रात वाराणसी से शव गांव पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बुधवार की सुबह पिता सुरेंद्र राम ने नम आंखों से बेटे को मुखाग्नि दी। नागेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई मिथिलेश और मंझले भाई हरेंद्र मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। नागेंद्र भी दूसरे के खेतों में मजदूरी कर घर की जरूरतें पूरी करने में अपने भाइयों का हाथ बंटाते थे।

नागेंद्र की मौत से उनकी पत्नी के सामने दो छोटे बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी आ गई है। उनके दोनों बच्चे अभी महज तीन वर्ष और डेढ़ वर्ष के हैं। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए हादसे ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक डॉ. अजित कुमार सिंह मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही प्रशासन से बातचीत कर उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

