सीबीआई की दस्तक से डाक विभाग में खलबली

बक्सर प्रधान डाकघर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम अचानक डाक अधीक्षक कार्यालय पहुंच गई। दिल्ली से पहुंची टीम ने करीब 11 बजे कार्यालय में प्रवेश किया और डाक अधीक्षक सरिता कुमारी के कार्यालय सहित कई स्थानों पर घंटों जांच की।

सीबीआई की दस्तक से डाक विभाग में खलबली

__सीबीआई की दस्तक से डाक विभाग में खलबली, डाक अधीक्षक समेत तीन से घंटों पूछताछ

__ प्रधान डाकघर में करीब कई घंटे चली जांच, अहम फाइलें खंगालने के बाद प्रिंटर व बैग में सामान लेकर निकली टीम; ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़े कथित लेनदेन की शिकायत की चर्चा

केटी न्यूज/बक्सर। 

बक्सर प्रधान डाकघर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम अचानक डाक अधीक्षक कार्यालय पहुंच गई। दिल्ली से पहुंची टीम ने करीब 11 बजे कार्यालय में प्रवेश किया और डाक अधीक्षक सरिता कुमारी के कार्यालय सहित कई स्थानों पर घंटों जांच की। कार्रवाई के बाद डाक अधीक्षक समेत तीन कर्मियों को जिला अतिथिगृह ले जाकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। अचानक हुई इस कार्रवाई से डाक विभाग के कर्मचारियों के बीच दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।सीबीआई टीम ने जांच के दौरान कार्यालय में रखी विभिन्न फाइलों, दस्तावेजों और रिकॉर्ड को खंगाला। टीम ने कई कागजात अपने कब्जे में लिए। जांच पूरी करने के बाद अधिकारी कार्यालय से एक प्रिंटर तथा बैग में कुछ सामान लेकर बाहर निकले। हालांकि, सीबीआई की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कौन-कौन से दस्तावेज या सामान जब्त किए गए हैं और उन्हें कब्जे में लेने का आधार क्या है।

__सुबह सामान्य कामकाज, 11 बजे पहुंची टीम और मच गई हलचल

मंगलवार सुबह प्रधान डाकघर में रोज की तरह कामकाज चल रहा था। इसी बीच करीब 11 बजे सीबीआई अधिकारियों के पहुंचते ही कार्यालय परिसर में हलचल बढ़ गई। जांच के दौरान कर्मचारियों को कई बिंदुओं पर पूछताछ और रिकॉर्ड उपलब्ध कराने को कहा गया। कार्रवाई की जानकारी धीरे-धीरे बाहर आने के साथ ही विभागीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

__ ट्रांसफर-पोस्टिंग की शिकायत से जुड़ रहे तार

सूत्रों के अनुसार, डाक विभाग में ट्रांसफर-पोस्टिंग समेत कुछ अन्य विभागीय मामलों में कथित लेनदेन की शिकायत के बाद सीबीआई की यह कार्रवाई हुई है। चर्चा है कि प्रधान डाकघर से जुड़े किसी कर्मी की शिकायत के आधार पर जांच की दिशा आगे बढ़ी। हालांकि, शिकायतकर्ता कौन है, आरोप किस अधिकारी या कर्मी पर लगाए गए हैं और शिकायत में क्या साक्ष्य दिए गए हैं, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

__ स्थानीय पुलिस से भी लिया सहयोग

बताया जा रहा है कि सीबीआई टीम ने स्थानीय पुलिस से भी सहयोग लिया। टीम के सदस्य दोपहर करीब 12 बजे नगर थाना पहुंचे थे। हालांकि, पुलिस स्तर से भी मामले के संबंध में कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।फिलहाल सीबीआई की कार्रवाई को लेकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। जब्त दस्तावेजों और सामान की जांच तथा पूछताछ पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्रवाई का वास्तविक आधार क्या था और मामले में आगे किस स्तर की कार्रवाई होती है।