__ सुमित्रा महिला महाविद्यालय में जागरूकता संगोष्ठी आयोजित, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने कहा- बाल विवाह रोकना समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी
केटी न्यूज/डुमरांव।

बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने और बेटियों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए सुमित्रा महिला महाविद्यालय, डुमरांव में शुक्रवार को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई। डुमरांव थाना के तत्वावधान एवं महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सहयोग से माय भारत के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं एवं स्वयंसेविकाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और सामाजिक चुनौतियों से अवगत कराया गया। साथ ही सभी को बाल विवाह मुक्त भारत बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
बाल विवाह सामाजिक विकास में बड़ी बाधा : थानाध्यक्ष

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में बाल विवाह को समाज के विकास में बाधक बताते हुए कहा कि कम उम्र में विवाह बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और भविष्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकना केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। जब परिवार, युवा और समाज के जागरूक लोग एकजुट होकर इसके खिलाफ आवाज उठाएंगे, तभी इस कुरीति पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

थानाध्यक्ष ने छात्राओं से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। कहीं भी बाल विवाह की तैयारी या ऐसी घटना की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना पुलिस एवं प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम में एसआई अर्चना कुमारी भी मौजूद रहीं।
शिक्षित युवा ही बदल सकते हैं समाज की तस्वीर

एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. डॉ. शंभुनाथ शिवेंद्र ने कहा कि बाल विवाह जैसी कुरीति के उन्मूलन में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षण संस्थान जागरूकता का सशक्त माध्यम हैं और शिक्षित युवा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने छात्राओं से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान को अपने स्तर पर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

संगोष्ठी में बाल विवाह निषेध कानून की जानकारी देते हुए इसे बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन बताया गया। कार्यक्रम में प्रो. सुभाष चंद्र शेखर, प्रो. परमेश सिंह, प्रो. संजय कुमार सिंह, प्रो. मीरा कुमारी, प्रो. मणिकांत, प्रो. मनोज कुमार एवं प्रो. शैलेन्द्र सिंह सहित महाविद्यालय के कई शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।

अंत में छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेविकाओं एवं शिक्षकों ने बाल विवाह न करने, न होने देने और समाज में इसके विरुद्ध जागरूकता फैलाने की शपथ ली। संगोष्ठी का उद्देश्य युवाओं को अभियान से जोड़कर डुमरांव सहित पूरे देश को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में सामाजिक चेतना मजबूत करना रहा।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।