__ धान, अनाज, कपड़े और घरेलू सामान राख; ग्रामीणों ने समरसेबल पंप से बुझाई आग, बेघर हुए पीड़ित परिवारों को सरकारी मदद का इंतजार
केटी न्यूज/चौसा:
चौसा अंचल के डिहरी गांव में बुधवार की देर शाम आग ने चार गरीब परिवारों की गृहस्थी उजाड़ दी। अचानक लगी आग में चार झोपड़ीनुमा घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। घरों में रखे धान के बोझे, अनाज, कपड़े, मछली पकड़ने के जाल और अन्य घरेलू सामान आग की भेंट चढ़ गए। अगलगी में हजारों रुपये की संपत्ति नष्ट होने के बाद पीड़ित परिवारों के सामने अब रहने और भोजन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

बताया जाता है कि बुधवार की देर शाम परिवार के सदस्य अपने घरों में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक निकली चिंगारी से एक झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें उठते देख परिवारों में अफरातफरी मच गई। लोगों के शोर मचाने पर गांव के ग्रामीण दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।

ग्रामीणों ने सबसे पहले घरों में बंधे पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद समरसेबल पंप चालू कर पानी डालते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण आग पर काबू पाने में सफल रहे, लेकिन तब तक चारों घर पूरी तरह जल चुके थे। अगलगी में विजेंद्र चौधरी, नंदजी पासवान, मुन्ना चौधरी और सुग्रीव चौधरी की गृहस्थी बर्बाद हो गई। घरों में रखा खाद्यान्न, धान, कपड़े और जरूरत के सामान नष्ट होने से परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का संकट गहरा गया है।

घटना की सूचना मिलने पर अंचल प्रशासन ने जांच की पहल की है। सीओ विजय प्रकाश ने बताया कि अगलगी की जानकारी मिलने के बाद राजस्व कर्मी को घटनास्थल पर जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।