रबी की बुआई से पहले बीजोपचार जरूरी, जीरो टीलेज से बढ़ेगी पैदावार
बदलते मौसम में बेहतर पैदावार हासिल करने के लिए किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के साथ खेती की वैज्ञानिक पद्धतियों पर ध्यान देना होगा। रबी फसलों की बुआई से पहले बीजोपचार करने और जीरो टीलेज तकनीक से खेती करने पर उत्पादन में सुधार हो सकता है।

__ कृषि चौपाल में किसानों को दी गई उन्नत खेती की जानकारी, पराली और खरपतवार प्रबंधन पर भी दिया गया जोर
केटी न्यूज/राजपुर।
बदलते मौसम में बेहतर पैदावार हासिल करने के लिए किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के साथ खेती की वैज्ञानिक पद्धतियों पर ध्यान देना होगा। रबी फसलों की बुआई से पहले बीजोपचार करने और जीरो टीलेज तकनीक से खेती करने पर उत्पादन में सुधार हो सकता है। किसानों को इन तकनीकों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रखंड के रसेन पंचायत अंतर्गत छितन डिहरा गांव में कृषि विभाग की ओर से कृषि चौपाल का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन कृषि पदाधिकारी ऋषिकेश यादव ने किया।चौपाल में कृषि पदाधिकारी ने किसानों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से योजनाओं का लाभ उठाने और खेती में आधुनिक तकनीकों को अपनाने की अपील की।

वहीं, कृषि समन्वयक धनंजय राय ने रबी फसलों की बेहतर पैदावार के लिए जरूरी सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की।उन्होंने बताया कि गेहूं, चना और मसूर की बुआई से पहले बीज का उपचार करना जरूरी है। इससे बीजों का अंकुरण बेहतर होता है और फसल की गुणवत्ता तथा उत्पादन में सुधार की संभावना बढ़ती है। उन्होंने कहा कि जीरो टीलेज तकनीक से खेती करने पर भी किसानों को बेहतर उत्पादन मिल सकता है। फसलों को कीटों से बचाने के लिए जैविक कीटनाशकों के इस्तेमाल पर जोर दिया गया।

__ अनुदानित बीज के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
कृषि चौपाल में बताया गया कि सरकार की ओर से किसानों को अनुदानित दर पर गेहूं, चना और मसूर के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए निबंधित किसान किसान ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
__ खेतों में खरपतवार जलाने से घटती है उर्वरा शक्ति
कृषि समन्वयक ने फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन की जरूरत बताते हुए कहा कि धान की कटाई के बाद खेतों में बचे अवशेष और खरपतवार जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है। इसलिए किसानों को इन्हें जलाने के बजाय उचित तरीके से प्रबंधित करना चाहिए। मौके पर एटीएम योगेश मिश्र, अभिषेक राय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


