लापरवाही और अवैध हथियार मामले में मुरार थानाध्यक्ष निलंबित
मुरार थाने की थानाध्यक्ष नेहा कुमारी पर आखिरकार निलंबन की गाज गिर गई। मसर्हिया गांव में दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी की घटना में एकतरफा कार्रवाई, कांडों के उद्भेदन में लापरवाही और शराब तस्करी पर अंकुश लगाने में विफलता समेत कई गंभीर आरोपों के चलते एसपी शुभम आर्य ने उन्हें निलंबित कर दिया है।

__ मसर्हिया गोलीकांड में एकतरफा कार्रवाई से लेकर शराब तस्करी तक के आरोप; जांच में खुली पोल, डीआईजी के निर्देश पर एसपी की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप
केटी न्यूज/चौगाईं।
मुरार थाने की थानाध्यक्ष नेहा कुमारी पर आखिरकार निलंबन की गाज गिर गई। मसर्हिया गांव में दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी की घटना में एकतरफा कार्रवाई, कांडों के उद्भेदन में लापरवाही और शराब तस्करी पर अंकुश लगाने में विफलता समेत कई गंभीर आरोपों के चलते एसपी शुभम आर्य ने उन्हें निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इसे लापरवाह पुलिस पदाधिकारियों के लिए कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

__ अवैध हथियार के साथ पकड़े गए व्यक्ति को छोड़ने का गंभीर आरोप
नेहा कुमारी पर सबसे गंभीर आरोप यह था कि एक व्यक्ति को कथित तौर पर अवैध हथियार के साथ पकड़ने के बाद छोड़ दिया गया, जबकि कार्रवाई में केवल हथियार की बरामदगी दिखाई गई। इसके अलावा मसर्हिया गांव में दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी के मामले में एकतरफा कार्रवाई करने और विभिन्न कांडों के उद्भेदन में लापरवाही बरतने के आरोप भी लगे थे। शराब तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने में विफलता को भी उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाने वाला अहम बिंदु माना गया।

__ महिला सिपाहियों को बैरक में जगह नहीं देने का भी मामला
थानाध्यक्ष पर महिला सिपाहियों को महिला बैरक में रहने की जगह उपलब्ध नहीं कराने का आरोप भी लगा था। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने मामले की जांच डुमरांव के सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार को सौंपी थी।
__ जांच रिपोर्ट के बाद गिरी निलंबन की गाज
सर्किल इंस्पेक्टर की जांच में नेहा कुमारी पर लगे आरोपों की पुष्टि होने की बात सामने आई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर शाहाबाद रेंज के डीआईजी के निर्देश पर एसपी शुभम आर्य ने निलंबन की कार्रवाई की। इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि पुलिस की कार्यशैली में लापरवाही और गंभीर आरोपों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। अब इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में जवाबदेही और अनुशासन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।


