डुमरांव में हाईटेक चोरी! शटर से कैश काउंटर तक स्क्रू ड्राइवर का खेल, 40 लाख के मोबाइल व तीन लाख नगदी गायब
डुमरांव के मुख्य बाजार स्थित स्टेशन रोड पर गीता मोबाइल सेंटर में हुई करीब 40 लाख रुपये की चोरी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। चोरों ने जिस अंदाज में वारदात को अंजाम दिया, उससे यह मामला सामान्य चोरी के बजाय सुनियोजित और पेशेवर तरीके से की गई वारदात प्रतीत हो रहा है। पूरी तरह नकाबपोश चोर पीपीई किट जैसी पोशाक पहनकर दुकान में दाखिल हुआ और महज एक स्क्रू ड्राइवर के सहारे शटर से लेकर कैश काउंटर तक खोलता चला गया।

__ थाने से 500 मीटर और दशहरा मेला निगरानी टॉवर से महज 100 मीटर दूर वारदात; पीपीई किट जैसी पोशाक और नकाब में पहुंचे चोर की सफाई देख दंग रह गए पुलिसकर्मी, तीन दर्जन से अधिक आईफोन समेत सैकड़ों मोबाइल ले उड़े चोर
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव के मुख्य बाजार स्थित स्टेशन रोड पर गीता मोबाइल सेंटर में हुई करीब 40 लाख रुपये की चोरी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। चोरों ने जिस अंदाज में वारदात को अंजाम दिया, उससे यह मामला सामान्य चोरी के बजाय सुनियोजित और पेशेवर तरीके से की गई वारदात प्रतीत हो रहा है। पूरी तरह नकाबपोश चोर पीपीई किट जैसी पोशाक पहनकर दुकान में दाखिल हुआ और महज एक स्क्रू ड्राइवर के सहारे शटर से लेकर कैश काउंटर तक खोलता चला गया। उसकी इस असाधारण सफाई को देखकर पुलिसकर्मी भी दंग रह गए।

चोर तीन दर्जन से अधिक आईफोन समेत विभिन्न कंपनियों के सैकड़ों महंगे मोबाइल और नकदी लेकर फरार हो गया।हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल डुमरांव थाने से महज 500 मीटर तथा दशहरा मेले की निगरानी के लिए बनाए गए वॉच टॉवर से करीब 100 मीटर की दूरी पर है। मेले को लेकर सुरक्षा और रात्रि गश्त के दावों के बीच मुख्य बाजार में इतनी बड़ी चोरी ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


__ शटर उठाया, स्क्रू ड्राइवर चलाया और इत्मीनान से समेटता रहा मोबाइल
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में वारदात की तस्वीरें कैद हुई हैं। फुटेज के अनुसार, रात करीब ढाई बजे के बाद एक नकाबपोश व्यक्ति दुकान के सामने पहुंचता है। पीपीई किट जैसी पोशाक पहने यह शख्स बेहद सावधानी से दुकान के शटर को खोलकर भीतर प्रवेश करता है। इसके बाद वह बिना किसी हड़बड़ी के महंगे मोबाइल सेट निकालने लगता है।बताया जाता है कि चोर मोबाइलों को उनके डिब्बों से अलग कर एक थैले में भरता गया। उसकी गतिविधियों में जिस तरह की सहजता और सफाई दिखाई दी, उससे उसके पेशेवर होने की आशंका जताई जा रही है। मोबाइल समेटने के बाद उसने स्क्रू ड्राइवर की मदद से कैश काउंटर खोला और उसमें रखी नकदी भी निकाल ली। वारदात के दौरान उसके अन्य साथियों के बाहर मौजूद रहने की बात भी सामने आई है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

__ दो दिनों की बिक्री भी ले उड़े चोर
दुकानदार दीपक कुमार के अनुसार, दुकान में रखे महंगे मोबाइल लगभग पूरी तरह चोरी हो गए हैं। बैंक बंद रहने के कारण पिछले दो दिनों की बिक्री की रकम भी कैश काउंटर में जमा थी। चोरों ने मोबाइल के साथ उस नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया। दुकानदार के मुताबिक, चोरी गए मोबाइलों की कीमत करीब 35 से 40 लाख रुपये है। नकदी सहित कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

__ थाने के करीब वारदात, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, अपर थानाध्यक्ष मतेन्द्र कुमार और डीआईयू प्रभारी मुस्तफा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने की कवायद शुरू कर दी। पीड़ित दुकानदार दीपक कुमार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ डुमरांव थाने में लिखित आवेदन दिया है।थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का उद्भेदन कर लिया जाएगा।

__ सुरक्षा के दावों पर बड़ा सवाल
दशहरा मेले के दौरान सुरक्षा बढ़ाए जाने के बावजूद मुख्य बाजार में हुई इस वारदात ने कारोबारियों को चिंता में डाल दिया है। सवाल यह है कि थाने और निगरानी वॉच टॉवर के इतने करीब चोर इतनी आसानी से दुकान का शटर खोलकर लाखों के मोबाइल कैसे ले गए? क्या बाजार की रात्रि निगरानी में कोई चूक हुई या चोरों ने पहले से रेकी कर वारदात की तैयारी की थी? इन सवालों का जवाब पुलिस जांच से ही सामने आएगा। फिलहाल, सीसीटीवी फुटेज और चोरों के काम करने के तरीके पर टिकी जांच से यह उम्मीद है कि इस हाईटेक चोरी के पीछे छिपे चेहरे जल्द बेनकाब होंगे।

