नया भोजपुर में छत की सेंट्रिंग टूटने से काजीपुर के सरपंच की मौत, दो मजदूर गंभीर रूप से जख्मी
नया भोजपुर थानाक्षेत्र के आदर्श नगर स्थित गली नंबर दो में मंगलवार की शाम मकान निर्माण के दौरान छत की सेंट्रिंग टूटने से काजीपुर पंचायत के सरपंच सुरेंद्र प्रजापति की मौत हो गई। इस हादसे में दो मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर गली नंबर दो में अभयानंद प्रजापति का मकान बन रहा था।

केटी न्यूज / डुमरांव

मकान का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद छज्जे की सेंट्रिंग और कालीकरण का काम किया जाना था। सुरेंद्र प्रजापति पेशे से ठेकेदार थे और घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर दूसरे स्थान पर निर्माण कार्य करा रहे थे। अभयानंद प्रजापति से रिश्तेदारी होने के कारण वह उनके मकान पर पहुंचे थे। बताया जाता है कि सुरेंद्र प्रजापति वहां मौजूद मिस्त्रियों और मजदूरों को निर्माण कार्य के संबंध में सुझाव दे रहे थे। इसी दौरान अचानक छज्जे की सेंट्रिंग टूट गई। इसकी चपेट में आने से सुरेंद्र प्रजापति समेत तीन लोग नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

हादसे में सरपंच को सबसे अधिक चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल डुमरांव के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचते ही सुरेंद्र प्रजापति ने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल दोनों मजदूरों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। काजीपुर के निर्वाचित सरपंच की अचानक मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।