एनएच-922 पर बंदर को बचाने में गई बाइक सवार युवक की जान, किशोर गंभीर

आरा-बक्सर फोरलेन एनएच-922 पर गुरुवार को एक बंदर को बचाने की कोशिश बाइक सवार दो युवकों के लिए जानलेवा साबित हुई। औद्योगिक थाना क्षेत्र के अहिरौली मोड़ स्थित फोर सीजन मैरेज हॉल के सामने अचानक सड़क पर बंदर आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसे में बाइक सवार 21 वर्षीय अनिकेत पासवान और 16 वर्षीय शिवम पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

एनएच-922 पर बंदर को बचाने में गई बाइक सवार युवक की जान, किशोर गंभीर

__ अहिरौली मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी बाइक, दहिवर गांव के दोनों युवक थे सवार; हादसे के बाद मची अफरातफरी

केटी न्यूज/बक्सर।

आरा-बक्सर फोरलेन एनएच-922 पर गुरुवार को एक बंदर को बचाने की कोशिश बाइक सवार दो युवकों के लिए जानलेवा साबित हुई। औद्योगिक थाना क्षेत्र के अहिरौली मोड़ स्थित फोर सीजन मैरेज हॉल के सामने अचानक सड़क पर बंदर आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसे में बाइक सवार 21 वर्षीय अनिकेत पासवान और 16 वर्षीय शिवम पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचाया। अनिकेत की हालत बिगड़ने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, शिवम का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतक अनिकेत पासवान औद्योगिक थाना क्षेत्र के दहिवर गांव निवासी मनोज पासवान का पुत्र था, जबकि घायल शिवम पासवान भी उसी गांव का रहने वाला है और उसके पिता का नाम सुधीर पासवान बताया गया है। दोनों किसी काम से बाइक पर सवार होकर बक्सर आ रहे थे। इसी दौरान अहिरौली मोड़ के पास अचानक बंदर सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक बाइक पर नियंत्रण खो बैठा और बाइक सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी।

__ हादसे के बाद जुटे लोग, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची औद्योगिक थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। अनिकेत की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।औद्योगिक थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरे की स्थिति खतरे से बाहर है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को थाने लाया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

__ एनएच-922 पर सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर एनएच-922 पर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फोरलेन पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं वाहन चालकों के लिए खतरे की घंटी बनी हुई हैं। अचानक सड़क पर पशुओं के आ जाने और सड़क किनारे खड़े वाहनों से दुर्घटना का जोखिम बढ़ जाता है। ऐसे में वाहन चालकों को सतर्क रहने के साथ सड़क किनारे वाहनों की सुरक्षित पार्किंग सुनिश्चित करना भी जरूरी है।