शॉर्ट सर्किट ने निगली कारोबारी की सालभर की मेहनत, 40 लाख का सामान स्वाहा

नगर के यमुना चौक स्थित नमक गोला रोड में गुरुवार की रात आग ने एक कारोबारी की सालभर की मेहनत को पलभर में राख कर दिया। केनरा बैंक के समीप स्थित केशरी जनरल स्टोर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी भयावह थी कि दुकान के साथ पीछे बने गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान भी जलकर नष्ट हो गया।

शॉर्ट सर्किट ने निगली कारोबारी की सालभर की मेहनत, 40 लाख का सामान स्वाहा

__ रात के अंधेरे में धू-धू कर जला केशरी जनरल स्टोर, दुकान से लेकर गोदाम तक सबकुछ राख; तीन दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

केटी न्यूज/बक्सर। 

नगर के यमुना चौक स्थित नमक गोला रोड में गुरुवार की रात आग ने एक कारोबारी की सालभर की मेहनत को पलभर में राख कर दिया। केनरा बैंक के समीप स्थित केशरी जनरल स्टोर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी भयावह थी कि दुकान के साथ पीछे बने गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान भी जलकर नष्ट हो गया। इस अगलगी में करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। गनीमत रही कि अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग आसपास की दुकानों और रिहायशी मकानों तक नहीं पहुंच सकी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

दुकानदार बबलू केसरी के अनुसार, गुरुवार की रात करीब 9:30 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अभी आधा घंटा भी नहीं बीता था कि मोहल्ले के लोगों ने फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। आनन-फानन में जब वह मौके पर पहुंचे तो दुकान आग की लपटों से घिरी हुई थी। आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप लिया कि अंदर रखा सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला।सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए दो अन्य दमकल वाहनों को भी बुलाना पड़ा। इसके बाद तीनों दमकल गाड़ियों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान अग्निशमन कर्मियों की प्राथमिकता आग को आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और मकानों तक फैलने से रोकना रही।

सदर अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी और प्रधान अग्निक हरेकृष्ण कुमार के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। विभाग के मुताबिक, समय रहते की गई कार्रवाई से आग को सीमित रखने में सफलता मिली।बताया जाता है कि बबलू केसरी ने पिछले साल जुलाई में ही इस दुकान की शुरुआत की थी। यहां थोक और खुदरा दोनों तरह का कारोबार होता था। डिटर्जेंट, तेल, साबुन, बिस्कुट, शैंपू, चॉकलेट और आइसक्रीम समेत रोजमर्रा के उपयोग की कई वस्तुएं दुकान में मौजूद थीं। अगलगी ने कारोबारी को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। अग्निशमन विभाग ने दुकानदारों और आम लोगों से बिजली की वायरिंग की नियमित जांच कराने तथा प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरण रखने की अपील की है।