डुमरांव में एक सप्ताह पूर्व घर से गायब हुई मानसिक विक्षिप्त महिला का सड़े_गले अवस्था में सिर गायब मिला शव

डुमरांव के वार्ड 18 स्थित लालटेन फैक्ट्री मोहल्ले से 23 अक्टूबर को रहस्यम ढंग से गायब हुई 60 वर्षीय मानसिक विक्षप्त ललिता देवी का शव शुक्रवार को नया भोजपुर पुलिस ने पुराना भोजपुर गांव से उत्तर भोजपुर नदी से बरामद किया है।

डुमरांव में एक सप्ताह पूर्व घर से गायब हुई मानसिक विक्षिप्त महिला का सड़े_गले अवस्था में सिर गायब मिला शव

-- शुक्रवार को पुराना भोजपुर गांव के उत्तर भोजपुर नदी से पुलिस ने बरामद किया शव, परिजनों ने की शिनाख्त, बेटे ने डुमरांव थाने में दर्ज कराया था गुमशुदगी का मामला

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव के वार्ड 18 स्थित लालटेन फैक्ट्री मोहल्ले से 23 अक्टूबर को रहस्यम ढंग से गायब हुई 60 वर्षीय मानसिक विक्षप्त ललिता देवी का शव शुक्रवार को नया भोजपुर पुलिस ने पुराना भोजपुर गांव से उत्तर भोजपुर नदी से बरामद किया है। पानी में रहने के कारण शव काफी सड़-गल चुका था तथा उसका सर पूरी तरह से सड़ गया था। आशंका जताई जा रही है कि पानी में किसी जानवर ने सर को नोच खाया है। पुलिस से मिली जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे मृतका के पुत्र मुन्ना सिंह ने उसके पैर तथा शरीर को देख उसकी शिनाख्त की। मिली जानकारी के अनुसार ललिता देवी पति स्व. अरूण किशोर सिंह मानसिक रूप से विक्षिप्त थी।

वह 23 अक्टूबर की सुबह आठ बजे डुमरांव के पूर्वी रेलवे क्रासिंग के पास स्थित लालटेन फैक्ट्री परिसर स्थित अपने आवास से रहस्यमय ढंग से गायब हो गइ थी। गायब होने के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ सुराग नहीं मिला। इसके बाद 25 अक्टूबर को उनके पुत्र प्रमोद कुमार सिंह ने डुमरांव थाने में अपनी मां के गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अभी उसकी तलाश कर ही रही थी कि शुक्रवार को शौच के लिए गए पुराना भोजपुर के किसी व्यक्ति को भोजपुर नदी में एक शव दिखाई पड़ा जो क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा था। उसने इसकी जानकारी नया भोजपुर पुलिस को दी। शुरू में उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। शव की स्थिति व कपड़े को देख पुलिस यह भी तय नहीं कर पा रही थी कि उक्त शव किसी महिला का है या पुरूष का।

पुलिस ने उसकी तस्वीर को आस-पास के थानों व विभिन्न सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर डाल पहचान की अपील की। इधर नदी में शव मिलने की सूचना पर डुमरांव एसडीपीओ भास्कर रंजन, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार तथा एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। घंटो के प्रयास के बाद भी जब उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई तो पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया। इसी बीच उसके पुत्र मुन्ना कुमार को भी पुराना भोजपुर गांव के समीप नदी में शव मिलने की जानकारी हुई। इसके बाद वह दौड़ा भागा नया भोजपुर थाना पहुंचा। पुलिस द्वारा जब उसे शव का तस्वीर दिखाया गया तो वह फफक पड़ा। जाहिर है शव एक सप्ताह पूर्व गायब हुए उसकी मां ललिता देवी का ही था। उसने अपनी मां के पैर व शरीर को देख पहचान की।

शव की पहचान होने के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हालांकि, परिजनों ने इस मामले में किसी तरह का आरोप नहीं लगाया है।इस संबंध में डुमरांव एसडीपीओ भास्कर रंजन ने बताया कि पुराना भोजपुर में शव मिलने की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंच उसकी पहचान का प्रयास शुरू किया गया। इसके लिए उसकी तस्वीर को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म व आस-पास के थानों में भेजा गया। जिसके बाद उसकी शिनाख्त हो सकी। उन्होंने बताया कि महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी तथा उसके पुत्र ने डुमरांव थाने में उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था।