मानसिक विक्षिप्त युवक ने एटीएम को किया क्षतिग्रस्त, जानकारी मिलते ही रात में ही पहुंचे एसडीपीओ व थानाध्यक्ष

शनिवार की देर शाम एक मानसिक विक्षिप्त युव की हरकत से डुमरांव एसडीपीओ भास्कर रंजन, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा समेत पुलिस टीम घंटो हलकान हुई, लेकिन अंत में युवक के मानसिक विक्षिप्त होने की पुष्टि के बाद उसके परिजनों को बुला पीआर बांड पर छोड़ दिया गया।

मानसिक विक्षिप्त युवक ने एटीएम को किया क्षतिग्रस्त, जानकारी मिलते ही रात में ही पहुंचे एसडीपीओ व थानाध्यक्ष

-- स्टेशन के पास स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीम में शनिवार देर शाम की है घटना, एटीएम के सीसीटीवी में तोड़फोड़ करते देख प्रबंधन ने पुलिस को दिया था सूचना, सत्यापन के बाद पुलिस ने छोड़ा 

केटी न्यूज/डुमरांव

शनिवार की देर शाम एक मानसिक विक्षिप्त युवक की हरकत से डुमरांव एसडीपीओ भास्कर रंजन, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा समेत पुलिस टीम घंटो हलकान हुई, लेकिन अंत में युवक के मानसिक विक्षिप्त होने की पुष्टि के बाद उसके परिजनों को बुला पीआर बांड पर छोड़ दिया गया। बता दें कि उक्त युवक रेलवे स्टेशन के पास स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीम में घुस एटीएम को क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि, उसकी हरकत एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही एटीएम प्रबंधन में हड़कंप मच गया। संभावित एटीएम लूटे जाने की आशंका के बीच बैंक ऑफ बड़ौदा के हेड ब्रांच मुंबई व हैदराबाद के अधिकारी सक्रिय हो गए तथा इसकी सूचना जिस मकान में एटीएम लगा है उसके मालिक के साथ ही डुमरांव एसडीपीओ व थानाध्यक्ष को दिए। 

पहले से ही चोरी की घटनाओं से परेशान चल रही डुमरांव पुलिस लूट की नियत से एटीएम तोड़े जाने की जानकारी मिलते ही बिना देर किए तत्काल मौके पर पहुंची, तबतक उक्त युवक वहां से जा चुका था। एसडीपीओ व थानाध्यक्ष ने आस-पास के दुकानदारों से पूछताछ कर उक्त युवक का हुलिया की जानकारी ली, इस दौरान बैंक प्रबंधन द्वारा भी पुलिस को एटीएम में उसके द्वारा किए गए तोड़फोड़ का वीडियो भेजा। जिसके बाद पुलिस टीम स्टेशन तथा आस पास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। करीब आधे घंटे के तलाश के बाद थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा उसे प्लेटफार्म से पकड़ने में सफल हुए। 

पकड़े गए युवक की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के सरना गांव निवासी मो. अख्तर पिता मो. जलील के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने उससे पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान पुलिस को यह आभास हो गया कि वह मानसिक रूप से बीमार है। वहीं, पुलिस द्वारा जब उसके संबंध में सत्यापन किया गया तो आरोपित के भाई व उसके पंचायत के सरपंच समेत शाहपुर पुलिस ने उसके मानसिक दिव्यांग होने की पुष्टि की। परिजनों ने बताया कि उसका इलाज चल रहा है, लेकिन समय पर दवा नहीं खाने के कारण कभी-कभी वह असमान्य हरकत कर देता है। 

पुष्टि होने के बाद रविवार को परिजनों को बुला पुलिस ने उसे पीआर बांड पर छोड़ दिया। इस दौरान उसकी हरकत से एसडीपीओ तथा डुमरांव थानाध्यक्ष समेत पुलिस टीम घंटो हलकान हुई थी। वहीं, इस घटना की चर्चा रेलवे स्टेशन तथा आस पास के क्षेत्रों में दूसरे दिन भी होते रही। एसडीपीओ भास्कर रंजन ने बताया कि वह मानसिक दिव्यांग था। जिस कारण आवश्यक पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। एसडीपीओ ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति सही नहीं होने के कारण ही उसने एटीएम में घुस उसे क्षतिग्रस्त किया है।