बैग में मिली थी 20 बोतल शराब, अब सजा की बारी

चौसा रेलवे स्टेशन के पास पीठू बैग में शराब लेकर जा रहे युवक को आखिरकार अदालत ने दोषी करार दिया है। वैशाली जिले के रहने वाले जयशंकर कुमार के बैग से 20 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई थी। मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद उत्पाद न्यायालय संख्या-2 ने गुरुवार को उसे दोषी ठहराया।

बैग में मिली थी 20 बोतल शराब, अब सजा की बारी

__ चौसा रेलवे स्टेशन के पास गिरफ्तारी के मामले में उत्पाद अदालत का फैसला, दोषी करार दिए जाने के बाद जेल भेजा गया आरोपी

केटी न्यूज/बक्सर।

चौसा रेलवे स्टेशन के पास पीठू बैग में शराब लेकर जा रहे युवक को आखिरकार अदालत ने दोषी करार दिया है। वैशाली जिले के रहने वाले जयशंकर कुमार के बैग से 20 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई थी। मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद उत्पाद न्यायालय संख्या-2 ने गुरुवार को उसे दोषी ठहराया। फैसले के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। अब 31 अक्टूबर को अदालत में सजा के बिंदु पर सुनवाई होगी।मामले की जानकारी देते हुए विशेष लोक अभियोजक अवधेश कुमार राय तथा अपर विशेष लोक अभियोजक रविन्द्र कुमार सिन्हा और श्यामाश्री चन्द्र ने बताया कि उत्पाद थाना कांड संख्या 525/2025 में सुनवाई के बाद न्यायालय ने यह फैसला सुनाया। मामले की सुनवाई न्यायाधीश सोनेलाल रजक की अदालत में हुई।

__ गश्ती के दौरान संदेह होने पर हुई थी तलाशी

अभियोजन पक्ष के अनुसार, घटना 17 दिसंबर 2025 की है। उस दिन मद्यनिषेध विभाग की टीम शराब के खिलाफ छापेमारी और गश्ती कर रही थी। इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे चौसा रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन ढाला के पास पीठू बैग लेकर जा रहे एक युवक पर टीम की नजर पड़ी। संदेह होने पर उसे रोककर बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से 8 पीएम स्पेशल ब्लेंड ऑफ स्कॉच एंड इंडियन ग्रेन व्हिस्की की 180 मिलीलीटर वाली 20 बोतलें मिलीं। शराब की कुल मात्रा 3.600 लीटर थी।

__ उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज हुआ था केस

गिरफ्तार युवक की पहचान जयशंकर कुमार (23), पिता बिंदेश्वर पासवान, निवासी फतेहपुर शाहबाज, थाना राघोपुर, जिला वैशाली के रूप में हुई थी। शराब बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार कर शराब जब्त कर ली गई थी। इसके बाद उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। अब दोषसिद्धि के बाद सबकी नजरें 31 अक्टूबर को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं, जिसमें अदालत आरोपी की सजा तय करेगी।