स्कूल जा रहे शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

विद्यालय में बच्चों को शिक्षा देने के लिए घर से निकले एक शिक्षक की शुक्रवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। धनसोई थाना क्षेत्र के धनसोई-इटाढ़ी मार्ग पर चिरैयाटांड़ मोड़ के समीप ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार शिक्षक बीरेंद्र कुमार रजक (45 वर्ष) की जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।

स्कूल जा रहे शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

__ चिरैयाटांड़ मोड़ के पास ट्रक की चपेट में आई स्कूटी, बक्सर की मित्रलोक कॉलोनी में किराये के मकान में रहते थे मृतक

केटी न्यूज/बक्सर।

विद्यालय में बच्चों को शिक्षा देने के लिए घर से निकले एक शिक्षक की शुक्रवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। धनसोई थाना क्षेत्र के धनसोई-इटाढ़ी मार्ग पर चिरैयाटांड़ मोड़ के समीप ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार शिक्षक बीरेंद्र कुमार रजक (45 वर्ष) की जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों के बीच मातम पसर गया।मृतक बीरेंद्र कुमार रजक राजपुर थाना क्षेत्र के सरेंजा गांव के निवासी थे। वे फिलहाल बक्सर शहर के मित्रलोक कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे थे। बताया जाता है कि शुक्रवार को वे अपनी स्कूटी से विद्यालय में ड्यूटी करने के लिए निकले थे। इसी दौरान चिरैयाटांड़ मोड़ के पास उनकी स्कूटी ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौत हो गई।

__पति की मौत से पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़

बीरेंद्र कुमार रजक की असामयिक मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी भी शिक्षिका हैं। जिस परिवार की जिंदगी रोजमर्रा की जिम्मेदारियों और भविष्य की उम्मीदों के सहारे आगे बढ़ रही थी, वहां अचानक मातम छा गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थानीय स्तर पर भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।

__पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। साथ ही ट्रक और उसके चालक की पहचान से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।