टायर फटते ही अनियंत्रित हुई बोलेरो, ट्रैक्टर से टकराकर खाई में गिरी; महिला समेत सात घायल
चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार बोलेरो का टायर अचानक फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित बोलेरो पहले सड़क पर चल रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई और फिर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में महिला समेत सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
__ मोहनिया से लौट रहे थे रिश्तेदार, रोहनिभान गांव के पास हुआ हादसा; स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
केटी न्यूज/चौसा:
चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार बोलेरो का टायर अचानक फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित बोलेरो पहले सड़क पर चल रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई और फिर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में महिला समेत सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।मिली जानकारी के अनुसार, इटाढ़ी थाना क्षेत्र के अतरौना गांव निवासी ददन चौधरी की पुत्री के विवाह को लेकर मोहनिया स्थित एक मंदिर में देखा-देखी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार के सदस्य बोलेरो वाहन से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चौसा-मोहनिया मार्ग पर राजपुर थाना क्षेत्र के रोहनिभान गांव के पास अचानक बोलेरो का टायर फट गया। टायर फटने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बोलेरो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रैक्टर की ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन सड़क किनारे गहरी खाई में पलटते हुए जा गिरा।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

घायलों में अतरौना गांव निवासी छोटक चौधरी की पत्नी रीता देवी (45) और उनकी 14 वर्षीय पुत्री ज्योति कुमारी, अशोक कुमार सिंह के पुत्र अमित कुमार (28), ददन चौधरी की पत्नी संतरा देवी (45) और उनकी पुत्री प्रभावती कुमारी (18), रमेश कुमार की पत्नी रानी कुमारी (26) तथा उत्तर प्रदेश के गहमर निवासी वीरेंद्र चौधरी (38) शामिल हैं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना की जानकारी जुटाने में लग गई। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

