गुजरात में बुझा जलीलपुर के घर का चिराग, गर्भ में पल रहे बच्चे से पहले छूटा पिता का साथ
रोजगार की तलाश में गुजरात गए जलीलपुर गांव के एक युवक की निर्माणाधीन भवन में हुए हादसे ने उसके परिवार की खुशियां छीन लीं। सेटरिंग का काम करते समय अचानक ढांचा भरभराकर गिरने से 30 वर्षीय गोविंद राजभर की मौत हो गई। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

__ सेटरिंग ढहने से 30 वर्षीय गोविंद राजभर की मौत, तीन दिन बाद गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम; आठ माह की गर्भवती पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
केटी न्यूज/चौसा।
रोजगार की तलाश में गुजरात गए जलीलपुर गांव के एक युवक की निर्माणाधीन भवन में हुए हादसे ने उसके परिवार की खुशियां छीन लीं। सेटरिंग का काम करते समय अचानक ढांचा भरभराकर गिरने से 30 वर्षीय गोविंद राजभर की मौत हो गई। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। तीन दिन बाद रविवार की शाम जब गोविंद का शव गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। घर में चीख-पुकार मच गई।मृतक गोविंद राजभर जलीलपुर निवासी अंबिका राजभर के बड़े पुत्र थे। बताया जाता है कि वह रोजगार के सिलसिले में गुजरात में रहकर एक कंपनी के माध्यम से भवन निर्माण में सेटरिंग का काम करते थे। गुरुवार को वह रोज की तरह निर्माण स्थल पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सेटरिंग का ढांचा टूटकर नीचे आ गिरा।

हादसे की चपेट में आने से गोविंद की मौके पर ही मौत हो गई।गोविंद की मौत ने परिवार के सामने सिर्फ आजीविका का संकट ही नहीं खड़ा किया, बल्कि आने वाले बच्चे के भविष्य को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। मृतक की पत्नी आठ माह की गर्भवती है। पति की मौत की खबर सुनने के बाद से उसका रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद बच्चे की किलकारी गूंजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा है। परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हैं।शव पहुंचने के बाद गांव का माहौल गमगीन हो गया। परिवार के लोगों ने बताया कि गोविंद घर की जिम्मेदारियों को संभालने के लिए परदेस में मेहनत-मजदूरी कर रहे थे। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी गहरा गया है।इधर, जिला परिषद सदस्य पूजा कुमारी ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि नियमानुसार सरकारी सहायता और मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन एवं सरकार के स्तर पर पहल की जाएगी।

