आधार सेंटर पर छापा, कंप्यूटर जब्त; 9 हजार से अधिक नकद बरामद

डुमरांव प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित आधार सेंटर पर गुरुवार को प्रशासन ने अचानक छापेमारी कर अवैध वसूली की शिकायतों की जांच शुरू कर दी। अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार ने एसडीपीओ समीर कुमार के साथ सेंटर पर पहुंचकर वहां संचालित आधार संबंधी कार्यों और शुल्क वसूली की जांच की।

आधार सेंटर पर छापा, कंप्यूटर जब्त; 9 हजार से अधिक नकद बरामद

__ सरकारी शुल्क से अधिक वसूली की शिकायत पर एसडीओ-एसडीपीओ की संयुक्त कार्रवाई, तीन कर्मी हिरासत में; नई एजेंसी से जल्द शुरू होगी सेवा

केटी न्यूज/डुमरांव।

डुमरांव प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित आधार सेंटर पर गुरुवार को प्रशासन ने अचानक छापेमारी कर अवैध वसूली की शिकायतों की जांच शुरू कर दी। अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार ने एसडीपीओ समीर कुमार के साथ सेंटर पर पहुंचकर वहां संचालित आधार संबंधी कार्यों और शुल्क वसूली की जांच की। कार्रवाई के दौरान सेंटर के कंप्यूटरों में दर्ज आधार आवेदनों और मौके से बरामद नकदी के बीच अंतर सामने आने के बाद प्रशासन ने केंद्र के सभी कंप्यूटर एवं अन्य संसाधनों को जब्त कर लिया। सेंटर पर कार्यरत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

प्रशासन के अनुसार, सेंटर पर लगातार निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान कंप्यूटर में एक दिन में 52 आधार कार्ड से संबंधित एंट्री दर्ज मिली। इन कार्यों के लिए निर्धारित शुल्क करीब चार हजार रुपये बताया गया, जबकि सेंटर पर मौजूद कर्मियों के पास से 9070 रुपये नकद बरामद हुए। प्रशासन का कहना है कि बरामद यह राशि कर्मियों की व्यक्तिगत नकदी से अलग थी।छापेमारी के बाद प्रशासन ने आधार सेंटर से जुड़े कंप्यूटर समेत अन्य उपकरणों को अपने कब्जे में ले लिया है। एसडीओ राजीव कुमार ने बताया कि शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर, आधार सेंटर पर प्रशासन की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग आधार कार्ड में सुधार, नाम-पता संशोधन और अन्य कार्यों के लिए पहुंचे थे। कई लोगों ने दबी जुबान में निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लिए जाने की शिकायत की। कुछ लोगों का कहना था कि जिन सेवाओं के लिए शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए, उनके लिए भी पैसे मांगे जाते थे।एसडीओ ने बताया कि फिलहाल अनुमंडल कार्यालय स्थित आधार सेंटर भी बंद है। ऐसे में लोगों की परेशानी को देखते हुए डुमरांव प्रखंड कार्यालय में जल्द आधार सेवा बहाल करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए जिला समन्वयक को नई एजेंसी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।कार्रवाई के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी मोनालिसा प्रियदर्शनी, डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।