__ कुशलपुर हॉल्ट से आरा की ओर जा रही थी शराब की खेप, प्रताप सागर मठिया के पास पुलिस ने बिछाया जाल; भागने की कोशिश कर रहा चालक गिरफ्तार
केटी न्यूज/डुमरांव।
शराब तस्करों ने अवैध कारोबार के लिए भले ही नए-नए रास्ते और तरीके अपना रखे हों, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। नया भोजपुर थाना पुलिस ने शुक्रवार की रात प्रताप सागर मठिया के समीप घेराबंदी कर अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप के साथ एक बोलेरो वाहन जब्त किया। बोलेरो में छिपाकर रखी गई कुल 363 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। वहीं, पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश कर रहा एक तस्कर भी पकड़ा गया। इस कार्रवाई से शराब तस्करी के धंधे में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मचा है।गिरफ्तार तस्कर की पहचान औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत बरुणा गांव निवासी देवी शंकर सिंह उर्फ लालू सिंह (26 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कुशलपुर हॉल्ट की ओर से सफेद रंग की बोलेरो में अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप लेकर तस्कर प्रताप सागर मठिया के रास्ते आरा की ओर निकलने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष ने तत्काल पुलिस टीम गठित की और संभावित रास्ते पर घेराबंदी कर दी।रात करीब नौ बजे जैसे ही संदिग्ध बोलेरो मौके पर पहुंची, सामने पुलिस बल को देखकर चालक ने वाहन रोक दिया और भागने लगा। हालांकि, पहले से मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें छिपाकर रखी गई शराब की खेप देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।तलाशी के दौरान बोलेरो से ऑफिसर च्वाइस की 30 पेटी, 8 पीएम की 10 पेटी तथा रॉयल स्टैग ब्रांड की शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ बोलेरो को भी जब्त कर लिया। बरामद शराब की कुल मात्रा 363 लीटर बताई गई है।

__ तस्करी नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि इस मामले में नया भोजपुर थाना कांड संख्या 119/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आरा में किसे पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ में शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।