फूड पॉइजनिंग के बाद जागा प्रशासन, राजगोला में नकली सरसों तेल की शिकायत पर छापेमारी
एक ही परिवार के नौ लोगों के मिठाई खाने के बाद बीमार पड़ने की घटना ने अनुमंडल प्रशासन को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर कर दिया है। फूड पॉइजनिंग की घटना के बाद प्रशासन ने अब मिलावटी और संदिग्ध खाद्य सामग्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पहले से मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने बिना देर किए राजगोला क्षेत्र की दुकानों में छापेमारी कराई।


__ फूड पॉइजनिंग के बाद मिलावटखोरों पर प्रशासन का शिकंजा, राजगोला में ताबड़तोड़ छापेमारी
__ नौ लोगों के बीमार पड़ने की घटना के बाद एसडीएम ने दिखाई सख्ती, आधा दर्जन से अधिक दुकानों से खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए; कार्रवाई की भनक लगते ही कई दुकानदार शटर गिराकर भागे
केटी न्यूज/डुमरांव।
एक ही परिवार के नौ लोगों के मिठाई खाने के बाद बीमार पड़ने की घटना ने अनुमंडल प्रशासन को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर कर दिया है। फूड पॉइजनिंग की घटना के बाद प्रशासन ने अब मिलावटी और संदिग्ध खाद्य सामग्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पहले से मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने बिना देर किए राजगोला क्षेत्र की दुकानों में छापेमारी कराई। अचानक हुई इस कार्रवाई से डुमरांव के व्यवसायियों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार कार्रवाई की भनक लगते ही अपनी दुकान का शटर गिराकर मौके से निकलते नजर आए।एसडीएम के नेतृत्व में गठित टीम ने राजगोला क्षेत्र की आधा दर्जन से अधिक किराना दुकानों की जांच की।

इस दौरान सरसों तेल, मसाले समेत विभिन्न खाद्य सामग्रियों के नमूने लिए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों से खाद्य सामग्री की खरीद-बिक्री से संबंधित कागजात और स्टॉक की भी जानकारी ली। लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी खाद्य सामग्री में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
__ मिठाई कांड के बाद बढ़ी निगरानी
बताया जाता है कि गांव में मिठाई खाने के बाद एक ही परिवार के नौ लोगों के बीमार पड़ने की घटना के बाद प्रशासन खाद्य सुरक्षा को लेकर काफी सजग नजर आ रहा है। अनुमंडल अस्पताल में भर्ती मरीजों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। घटना के बाद प्रशासन ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि कार्रवाई केवल संबंधित मिठाई दुकान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बाजार में बिकने वाली अन्य खाद्य सामग्री की भी जांच होगी।

__ स्टॉक को लेकर भी सख्त निर्देश
छापेमारी के दौरान प्रशासन ने चीनी कारोबारियों को भी निर्धारित सीमा के भीतर स्टॉक रखने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि 4000 क्विंटल से अधिक चीनी का स्टॉक नहीं रखा जाए और स्टॉक रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट रखा जाए। नियमों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद राजगोला समेत डुमरांव बाजार के कारोबारियों में खलबली मची हुई है। अधिकारियों ने साफ किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और शिकायत मिलने पर आगे भी औचक जांच व छापेमारी जारी रहेगी।

