वारंट लेकर कठार पहुंची यूपी पुलिस, घर पर नहीं मिला चेक बाउंस का आरोपित
चेक बाउंस के पुराने मामले में न्यायालय से जारी वारंट के बाद गुरुवार को उत्तर प्रदेश पुलिस ने कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के कठार गांव में दबिश दी। प्रतापगढ़ जिले से पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय थाना पुलिस के सहयोग से आरोपित मुनी जी यादव के घर समेत उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।

__न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर हुई कार्रवाई, स्थानीय पुलिस के सहयोग से संभावित ठिकानों पर चला तलाशी अभियान
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।
चेक बाउंस के पुराने मामले में न्यायालय से जारी वारंट के बाद गुरुवार को उत्तर प्रदेश पुलिस ने कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के कठार गांव में दबिश दी। प्रतापगढ़ जिले से पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय थाना पुलिस के सहयोग से आरोपित मुनी जी यादव के घर समेत उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित घर से फरार हो चुका था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।जानकारी के अनुसार, वर्ष 2020 में प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र में चेक बाउंस से संबंधित मामले में मुनी जी यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय द्वारा आरोपित के खिलाफ वारंट जारी किया गया। इसी वारंट के अनुपालन में प्रतापगढ़ पुलिस ने कठार गांव का रुख किया।

यूपी पुलिस की टीम पहले कृष्णाब्रह्म थाना पहुंची और थानाध्यक्ष चंदन कुमार से संपर्क कर स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा।इसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस टीम ने आरोपित के घर पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने आसपास के संभावित ठिकानों पर भी उसकी तलाश की, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। बताया गया कि आरोपित के फरार मिलने के बाद पुलिस ने उसके संबंध में स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई।प्रतापगढ़ पुलिस अब न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है। लंबे समय से लंबित मामले में आरोपित की गिरफ्तारी के लिए यूपी पुलिस द्वारा आगे भी दबिश दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

