पिता के सपनों को साकार करने की पहल, डुमरांव में खुली डॉ. अनिल कुमार मेमोरियल क्लिनिक
डुमरांव के चिकित्सा क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीदों को नई उड़ान देते हुए शहर के प्रसिद्ध फिजिशियन डॉ. शैलेश श्रीवास्तव ने शनिवार को नवरात्र सप्तमी के शुभ अवसर पर हरिजी के हाता मोहल्ले में अपनी नई क्लिनिक का शुभारंभ किया। अपने पिता और प्रख्यात चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार की स्मृति में स्थापित इस क्लिनिक का नाम ‘डॉ. अनिल कुमार मेमोरियल क्लिनिक’ रखा गया है।

__ हरिजी के हाता मोहल्ले में नवरात्र सप्तमी पर हुआ शुभारंभ, आधुनिक तकनीक से कम खर्च में इलाज उपलब्ध कराने का संकल्प
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव के चिकित्सा क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीदों को नई उड़ान देते हुए शहर के प्रसिद्ध फिजिशियन डॉ. शैलेश श्रीवास्तव ने शनिवार को नवरात्र सप्तमी के शुभ अवसर पर हरिजी के हाता मोहल्ले में अपनी नई क्लिनिक का शुभारंभ किया। अपने पिता और प्रख्यात चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार की स्मृति में स्थापित इस क्लिनिक का नाम ‘डॉ. अनिल कुमार मेमोरियल क्लिनिक’ रखा गया है। इसके उद्घाटन के साथ ही अनुमंडल क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं कम खर्च में उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है।क्लिनिक के शुभारंभ के मौके पर डॉ. शैलेश श्रीवास्तव ने कहा कि यह पहल केवल एक चिकित्सा संस्थान की शुरुआत नहीं, बल्कि उनके पिता के अधूरे सपने को साकार करने का प्रयास है।

उनके पिता की इच्छा थी कि डुमरांव जैसे कस्बाई इलाके में ऐसी चिकित्सा सुविधा विकसित हो, जहां मरीजों को चौबीसों घंटे उचित इलाज मिल सके। आर्थिक तंगी के कारण किसी मरीज को बेहतर उपचार से वंचित नहीं होना पड़े और सामान्य बीमारियों से लेकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के इलाज के लिए लोगों को पटना और वाराणसी जैसे बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़े।उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर क्लिनिक में आधुनिक तकनीक और चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उनका लक्ष्य है कि अनुमंडल क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा मिले और इलाज पर होने वाला आर्थिक बोझ भी कम हो।

__ पिता की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प
डॉ. शैलेश श्रीवास्तव ने कहा कि अपने पिता के नाम पर क्लिनिक की स्थापना करना उनके लिए भावनात्मक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण है। वे चाहते हैं कि उनके पिता की सेवा भावना और चिकित्सा के प्रति समर्पण को आगे बढ़ाते हुए जरूरतमंद मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।

__उद्घाटन में जुटे शहर के गणमान्य लोग
क्लिनिक के उद्घाटन समारोह में डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह, राज परिवार के मान विजय सिंह, शिवांग विजय सिंह, समाजसेवी रामनाथ तिवारी, डॉ सुमित सौरभ, रेडक्रॉस से जुड़े शत्रुघ्न प्रसाद उर्फ मोहन गुप्ता, अनिल कुमार, चंद्रशेखर प्रसाद श्रीवास्तव सहित शहर के चिकित्सक, बुद्धिजीवी, पत्रकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह में शामिल लोगों ने उम्मीद जताई कि यह क्लिनिक डुमरांव और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों के लिए उपयोगी साबित होगा। स्थानीय स्तर पर सस्ता और बेहतर इलाज उपलब्ध होने से लोगों को छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए बड़े शहरों का रुख करने की मजबूरी से राहत मिल सकती है।

