__ पीपी रोड और ज्योति चौक के दो ज्वेलरी शोरूम को बनाया निशाना, करीब नौ लाख के सोने और हीरे के आभूषण बरामद; सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
केटी न्यूज/बक्सर।
ग्राहक बनकर ज्वेलरी शोरूम में दाखिल होना, दुकानदारों को बातचीत में उलझाना और मौका मिलते ही कीमती आभूषण गायब कर देना। शहर में चोरी की इस शातिर तरकीब का खुलासा तब हुआ, जब कृष्णा ज्वेलर्स के दुकानदार ने संदिग्ध युवती को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में युवती ने शहर के दो प्रतिष्ठित आभूषण दुकानों में चोरी करने की बात स्वीकार की। उसके पास से करीब नौ लाख रुपये मूल्य के सोने और हीरे के गहने बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, युवती ने पीपी रोड स्थित कृष्णा ज्वेलर्स से करीब 45 ग्राम वजन की तीन सोने की चेन चुराई थी। इनकी कीमत लगभग साढ़े छह लाख रुपये बताई गई है।

इसके अलावा ज्योति चौक के समीप स्थित एक अन्य ज्वेलरी शोरूम से सोने की अंगूठी, हीरे का लॉकेट और एक चेन गायब की थी। दूसरे शोरूम से चोरी किए गए आभूषणों की कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है। दोनों दुकानों में चोरी की वारदात अलग-अलग समय पर हुई थी। दुकानदारों को शुरुआत में इसकी भनक तक नहीं लगी। बाद में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक ही युवती की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। फुटेज के आधार पर पहचान और तलाश के बाद उसे पकड़ लिया गया। बरामद आभूषणों में पांच गहने शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में युवती ने अपना ठिकाना बताने को लेकर भी भ्रम पैदा करने की कोशिश की। वह कोरानसराय थाना क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है, जबकि पूछताछ में उसने चरित्रवन में रहने की बात कही। नगर कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि युवती अविवाहित है, इसलिए उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की जा रही है। बरामदगी के बाद रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।