__ रघुपुर डेरा के पास तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, मौके पर ही थम गई युवक की सांसें; हादसे के बाद चालक फरार
केटी न्यूज/बक्सर
इटाढ़ी-धनसोई मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की जान चली गई। रघुपुर डेरा के समीप अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से बाइक सवार उपेंद्र पासवान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बताया जा रहा है कि युवक के पहनावे से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह किसी वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकला था। हालांकि, वह कहां जा रहा था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मृतक की पहचान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के इंदौर गांव निवासी भुटाली पासवान के पुत्र उपेंद्र पासवान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उपेंद्र अपनी बुलेट बाइक से गांव से इटाढ़ी की ओर आ रहा था। इसी दौरान रघुपुर डेरा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, वाहन चालक मौके से फरार हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इटाढ़ी थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने युवक की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। कम उम्र में उपेंद्र की असमय मौत से इंदौर गांव में मातम पसरा है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।