दोस्तों से विवाद के बाद अकेला पड़ा कांवरिया, पानी भरे चाट में गिरने से मौत

चौसा से गंगाजल लेने निकले एक कांवरिया की रास्ते में बेसुध होकर पानी भरे चाट में गिरने से मौत हो गई। हादसा राजपुर थाना क्षेत्र के ईसापुर-खीरी मुख्य पथ पर संगरॉव-पलिया गांव के बधार के समीप रविवार की रात करीब 10:30 बजे हुआ। मृतक की पहचान कैमूर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के कम्हारी गांव निवासी 28 वर्षीय प्रदुमन पांडेय, पिता बच्चन पांडेय के रूप में हुई है।

दोस्तों से विवाद के बाद अकेला पड़ा कांवरिया, पानी भरे चाट में गिरने से मौत

केटी न्यूज/राजपुर

चौसा से गंगाजल लेने निकले एक कांवरिया की रास्ते में बेसुध होकर पानी भरे चाट में गिरने से मौत हो गई। हादसा राजपुर थाना क्षेत्र के ईसापुर-खीरी मुख्य पथ पर संगरॉव-पलिया गांव के बधार के समीप रविवार की रात करीब 10:30 बजे हुआ। मृतक की पहचान कैमूर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के कम्हारी गांव निवासी 28 वर्षीय प्रदुमन पांडेय, पिता बच्चन पांडेय के रूप में हुई है।बताया जाता है कि प्रदुमन गांव के अन्य साथियों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर चौसा से गंगाजल लेने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी बात को लेकर साथियों से उसका विवाद हो गया। विवाद के बाद साथी उसे रास्ते में उतारकर आगे निकल गए, जबकि प्रदुमन अकेले पैदल ही आगे बढ़ने लगा। संगरॉव पुल से आगे सुनसान रास्ते पर अचानक वह बेसुध होकर सड़क किनारे पानी भरे चाट में जा गिरा।

इलाका सुनसान होने के कारण काफी देर तक किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। करीब एक घंटे बाद गुप्ता धाम जा रहे कांवरियों के जत्थे ने उसे पानी में पड़ा देखा। इसकी सूचना संगरॉव बाजार में कांवरियों की सेवा में जुटे स्थानीय युवकों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदुमन को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को सूचना दी। थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।युवक की मौत की खबर मिलते ही कम्हारी गांव स्थित उसके घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, कांवरिया मार्ग पर हुए इस हादसे से श्रद्धालुओं में भी शोक व्याप्त है।