तालाब में डूबने से मासूम की मौत, स्कूल से लौटने के बाद हुआ हादसा

बगेन गोला थाना क्षेत्र के बुनियादी टोला गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। स्कूल से लौटने के बाद 10 वर्षीय बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

तालाब में डूबने से मासूम की मौत, स्कूल से लौटने के बाद हुआ हादसा

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

बगेन गोला थाना क्षेत्र के बुनियादी टोला गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। स्कूल से लौटने के बाद 10 वर्षीय बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।मृतक की पहचान अंकित कुमार (10 वर्ष), पिता उमेश यादव, निवासी बुनियादी टोला के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अंकित प्रतिदिन की तरह शुक्रवार की सुबह स्कूल गया था। दोपहर में छुट्टी होने के बाद वह घर नहीं पहुंचा। काफी देर तक जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। आसपास के बच्चों और ग्रामीणों से पूछताछ की गई, लेकिन उसका सुराग नहीं मिला।

शाम होते-होते परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर खोजबीन तेज की। इसी दौरान गांव के समीप स्थित तालाब के किनारे अंकित का स्कूल बैग मिला। बैग देखते ही अनहोनी की आशंका गहरा गई। तत्काल प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तालाब में सर्च अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद बच्चे का शव पानी से बाहर निकाला गया।शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब के आसपास सुरक्षा या घेराबंदी की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे अक्सर खतरा बना रहता है।थानाध्यक्ष अभय शंकर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।