राजस्थान में छिपा था बक्सर का टॉप-10 अपराधी, पुलिस ने दबोचा

बक्सर पुलिस की लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी ने जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल संजय राय के फरारी के खेल पर विराम लगा दिया। हत्या, अपहरण, आपराधिक साजिश और जानलेवा हमले जैसे गंभीर मामलों में वांछित संजय राय को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।

राजस्थान में छिपा था बक्सर का टॉप-10 अपराधी, पुलिस ने दबोचा

__ हत्या, अपहरण व जानलेवा हमले समेत कई मामलों में था वांछित, लंबे समय से बदल रहा था ठिकाना

केटी न्यूज/डुमरांव।

बक्सर पुलिस की लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी ने जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल संजय राय के फरारी के खेल पर विराम लगा दिया। हत्या, अपहरण, आपराधिक साजिश और जानलेवा हमले जैसे गंभीर मामलों में वांछित संजय राय को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी को फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।गिरफ्तार अभियुक्त बगेनगोला थाना क्षेत्र के पोखराहा गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। जिले से बाहर रहकर पुलिस की पकड़ से बचने की कोशिश कर रहे संजय तक पहुंचने के लिए पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ गुप्त सूचनाओं का सहारा लिया।

एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई थी। टीम ने मिले इनपुट के आधार पर राजस्थान के भिवाड़ी जिले के चोपनकी थाना क्षेत्र में कार्रवाई की और संजय राय को दबोच लिया।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, संजय राय के खिलाफ बक्सर जिले के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुरार थाना कांड संख्या 55/21, दिनांक 11 जून 2021 में वह हत्या, अपहरण और आपराधिक साजिश से जुड़े मामलों में वांछित था। वहीं बगेनगोला थाना कांड संख्या 100/20 में धारा 302/307 तथा कांड संख्या 17/21 में धारा 147, 148, 149, 307 समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज है।एसपी शुभम आर्य ने कहा कि जिले में अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी है। विशेषकर फरार और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।