फरक्का एक्सप्रेस में जीआरपी की सतर्कता रंग लाई, संदिग्ध युवक से बरामद हुए दो चोरी के मोबाइल

रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान जीआरपी को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। फरक्का एक्सप्रेस के एसी कोच में जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए।

फरक्का एक्सप्रेस में जीआरपी की सतर्कता रंग लाई, संदिग्ध युवक से बरामद हुए दो चोरी के मोबाइल

__एसी कोच में जांच के दौरान खुला राज, पूछताछ में चोरी की बात कबूली, आरोपी जेल भेजा गया

केटी न्यूज/बक्सर

रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान जीआरपी को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। फरक्का एक्सप्रेस के एसी कोच में जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में युवक ने दोनों मोबाइल चोरी के होने की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।जानकारी के अनुसार रेल पुलिस की टीम जीआरपी थानाध्यक्ष मणिचंद्र पांडेय के निर्देशन में ट्रेन संख्या 15743 फरक्का एक्सप्रेस में नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान चौसा स्टेशन के समीप एसी सेकेंड टियर के ए-2 कोच में एक युवक की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं।

पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके सामान की तलाशी ली।तलाशी के दौरान युवक के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। मोबाइल के स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी नहीं देने पर पुलिस ने उससे गहन पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि दोनों मोबाइल चोरी के हैं। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।गिरफ्तार युवक की पहचान भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के बनाही गांव निवासी 22 वर्षीय अविनाश कुमार के रूप में हुई है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

जीआरपी थानाध्यक्ष मणिचंद्र पांडेय ने बताया कि रेल एसपी अनंत कुमार रॉय और रेल डीएसपी कंचन राज के निर्देश पर ट्रेनों में लगातार जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा रेल यात्रा के दौरान होने वाली चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। पुलिस ने कहा कि आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।