मरम्मत की खुली पोल: प्री मॉनसून में ही झील बन गया स्टेशन रोड

1.31 करोड़ की लागत से हाल ही में हुए स्टेशन रोड के मरम्मत कार्य की पाल प्री मॉनसून की बारिश ने ही खोल दी है। गुरूवार की सुबह इस सप्ताह की दूसरी बारिश हुई, इस दौरान स्टेशन रोड की सड़क झील में तब्दील हो गई थी।

मरम्मत की खुली पोल: प्री मॉनसून में ही झील बन गया स्टेशन रोड

-- हॉट स्पाट बन गया है राज हाई स्कूल के खेल मैदान के सामने की सड़क, 50 मीटर के दायरे में हुआ है जलमाव, पूरे दिन मुख्य पथ छोड़ फुटपाथ से हुआ परिचालन

केटी न्यूज/डुमरांव

1.31 करोड़ की लागत से हाल ही में हुए स्टेशन रोड के मरम्मत कार्य की पाल प्री मॉनसून की बारिश ने ही खोल दी है। गुरूवार की सुबह इस सप्ताह की दूसरी बारिश हुई, इस दौरान स्टेशन रोड की सड़क झील में तब्दील हो गई थी। राज हाई स्कूल के खेल मैदान से पश्चिमी रेलवे क्रासिंग तक शायद ही कोई ऐसी जगह बची हो, जहां सड़क पर जलजमाव नहीं हुआ था। सबसे खराब स्थिति राज हाई स्कूल के खेल मैदान के सामने की थी। यहां करीब 50 मीटर के दायरे में पूरी सड़क पर जलजमाव हो गया था, जिस कारण यह जगह सड़क के बजाय तालाब नजर आ रहा था।

पूरे दिन वाहन चालक यहां सड़क के बजाय फुटपाथ से गुजरते नजर आए, वहीं जो बीच सड़क से चलने की कोशिश कर रहे थे वे गिरकर जख्मी हो रहे थे तथा उनके कपड़े भी गिले हो जा रहे थे। बता दें कि यह इस सप्ताह की दूसरी बारिश थी। जिसने स्टेशन रोड में मरम्मत के नाम पर हुई राजनीति व सरकारी धन के दुरूपयोग की पूरी पोल खोल दी है। सुबह की बारिश के बाद सड़क पर पूरे दिन पानी जमा रहा। जिस कारण लोगों को आवागमन में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा।बता दें कि स्टेशन रोड न सिर्फ एनएच 120 का हिस्सा है, बल्कि डुमरांव के परिवहन की लाइफ-लाइन भी है।

प्री-मॉनसून में ही सड़क पर उभरे गड्ढे व जलजमाव को देख लोगों को इस बात का डर है कि कही बरासात में सड़क इस कदर जर्जर न हो जाए कि परिचालन पूरी तरह से ठप हो जाए। वहीं, सड़क के जर्ज हाल से यात्री वाहन चालकों में गहरा आक्रोश है। खासकर ऑटो व टोटो चालक अब इस सड़क से गुजरने में परहेज कर रहे है, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। वहीं, आम लोगों का आक्रोश भी गहराने लगा है।