अग्नि सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन का जागरूकता अभियान शुरू, नुक्कड़ नाटक टीम रवाना
जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष जन जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के माध्यम से आम लोगों को आग से बचाव और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के प्रति जागरूक किया जाएगा। गुरुवार को जिलाधिकारी साहिला ने गृहरक्षक सह जिला अग्निशमन कार्यालय परिसर से नुक्कड़ नाटक टीम एवं जन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
केटी न्यूज/बक्सर
जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष जन जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के माध्यम से आम लोगों को आग से बचाव और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के प्रति जागरूक किया जाएगा। गुरुवार को जिलाधिकारी साहिला ने गृहरक्षक सह जिला अग्निशमन कार्यालय परिसर से नुक्कड़ नाटक टीम एवं जन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।यह अभियान मोनालिसा प्रशिक्षण एवं कल्याण संस्थान, बक्सर के सहयोग से जिले के विभिन्न गांवों में चलाया जाएगा।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले आवश्यक उपायों, प्राथमिक सतर्कता और अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग की जानकारी दी जाएगी।अभियान का उद्देश्य लोगों को व्यवहारिक रूप से प्रशिक्षित करना है ताकि किसी भी आकस्मिक आगजनी की घटना में नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष रूप से आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान तथा खेतों में पराली जलाने से होने वाली आग की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। उन्होंने बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए समय रहते सावधानी बरतना आवश्यक है।

उन्होंने भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। श्रद्धालुओं, आयोजकों और आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे सतर्कता बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले का प्रत्येक नागरिक आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से कार्य करे और प्राथमिक बचाव के उपायों से परिचित रहे। अभियान के माध्यम से व्यापक स्तर पर जनजागरूकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि संभावित अग्निकांड की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

