जनता दरबार में गूंजी आमलोगों की समस्याएं, 30 आवेदनों पर कार्रवाई के निर्देश
आमलोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी कार्यालयों तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बक्सर जिला प्रशासन की पहल जारी है। इसी कड़ी में ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान के तहत सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया।

__ ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान के तहत अधिकारियों ने सुनी फरियाद, समय सीमा में पारदर्शी और न्यायोचित निष्पादन का दिया भरोसा
केटी न्यूज/बक्सर।
आमलोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी कार्यालयों तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बक्सर जिला प्रशासन की पहल जारी है। इसी कड़ी में ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान के तहत सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह एवं अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशिकांत पासवान ने संयुक्त रूप से लोगों की फरियाद सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

__राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतें सबसे अधिक
जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों को अधिकारियों के समक्ष रखा। इस दौरान कुल 30 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सबसे अधिक 12 आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित थे। वहीं, विकास कार्यों से जुड़ी समस्याओं को लेकर नौ आवेदन मिले, जबकि नौ आवेदन अन्य विभागों से संबंधित थे। आवेदनों का यह आंकड़ा राजस्व संबंधी मामलों को लेकर आमलोगों की परेशानी को भी सामने लाता है।

__ समय सीमा में निष्पादन पर जोर
जनसुनवाई के दौरान दोनों वरीय पदाधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों की प्रकृति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक आवेदन का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शी और न्यायोचित तरीके से किया जाएगा।

__ सोमवार और शुक्रवार को होती है जनसुनवाई
जिला प्रशासन के अनुसार, ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान के तहत प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार आयोजित कर आमलोगों की समस्याएं सुनी जाती हैं। इसका उद्देश्य नागरिकों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराना और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाना है। जिला प्रशासन ने जनसहभागिता और जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


