आधे घंटे में खुला स्टेशन रोड का जाम, ट्रैफिक इंचार्ज की सक्रियता की लोगों ने की सराहना
डुमरांव शहर में लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी जाम की समस्या से मंगलवार को बड़ी राहत मिली। डुमरांव के नए ट्रैफिक इंचार्ज सह डुमरांव थाना के पीएसआई शैलेश कुमार शर्मा की तत्परता और सूझबूझ से स्टेशन रोड पर लगा भीषण जाम महज आधे घंटे के भीतर साफ करा दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से आम लोगों ने राहत की सांस ली और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।


--तकनीकी खराबी से बीच सड़क फंसे दो ट्रकों के कारण लगा था भीषण जाम, जेसीबी की मदद से हटाए गए वाहन
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव शहर में लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी जाम की समस्या से मंगलवार को बड़ी राहत मिली। डुमरांव के नए ट्रैफिक इंचार्ज सह डुमरांव थाना के पीएसआई शैलेश कुमार शर्मा की तत्परता और सूझबूझ से स्टेशन रोड पर लगा भीषण जाम महज आधे घंटे के भीतर साफ करा दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से आम लोगों ने राहत की सांस ली और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह स्टेशन रोड के महरौरा मोड़ और स्टेशन बाईपास रोड के समीप दो ट्रक तकनीकी खराबी के कारण बीच सड़क पर ही बंद होकर खड़े हो गए थे।

सड़क संकरी होने के कारण कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि स्कूली वाहन, यात्री बसें, ऑटो, ई-रिक्शा और निजी वाहन घंटों तक फंसे रहे। कई स्कूली बच्चों और यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।जाम की सूचना मिलते ही ट्रैफिक इंचार्ज शैलेश कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने सबसे पहले दोनों तरफ फंसे वाहनों को व्यवस्थित ढंग से कतारबद्ध कराया, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका।

इसके बाद तकनीकी खराबी से बंद पड़े ट्रकों को जेसीबी मशीन की मदद से सड़क किनारे हटवाया गया। पुलिस की तेज कार्रवाई के कारण कुछ ही समय में सड़क पर यातायात सामान्य हो गया।स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक इंचार्ज की कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा की। लोगों का कहना था कि यदि पुलिस प्रशासन इसी तरह तत्परता और गंभीरता के साथ काम करता रहा तो डुमरांव शहर को आए दिन लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है। व्यापारियों और यात्रियों ने भी पुलिस की इस पहल को सराहनीय बताया।

