सारेंजा के गोदाम में संदिग्ध स्थिति में किशोर की मौत मामले में चार नामजद समेत अज्ञात पर एफआईआर दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

राजपुर थाना क्षेत्र के सरेंजा गांव में 11 वर्षीय किशोर की संदिग्ध स्थिति में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गांव के एक अनाज गोदाम में गेहूं की बोरियों के नीचे बच्चे का शव मिलने के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

सारेंजा के गोदाम में संदिग्ध स्थिति में किशोर की मौत मामले में चार नामजद समेत अज्ञात पर एफआईआर दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

केटी न्यूज/बक्सर :

राजपुर थाना क्षेत्र के सरेंजा गांव में 11 वर्षीय किशोर की संदिग्ध स्थिति में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गांव के एक अनाज गोदाम में गेहूं की बोरियों के नीचे बच्चे का शव मिलने के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। मामले में मृतक की मां के आवेदन पर चार लोगों समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।मृतक की पहचान सरेंजा गांव निवासी भगेलू चौहान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रविवार की शाम वह घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।

काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार की सुबह गांव स्थित एक अनाज गोदाम में गेहूं की बोरियों के नीचे उसका शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।शव मिलने के बाद परिजनों ने चौसा-कोचस मुख्य मार्ग को जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप था कि बच्चे की हत्या कर शव को छिपाने की कोशिश की गई है। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित करनी पड़ी।मृतक की मां विमला देवी ने राजपुर थाना में दिए आवेदन में शेरू राय, संदीप राय, अप्पू राय और बृजमोहन राय को नामजद आरोपी बनाया है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि उनके पुत्र की सुनियोजित साजिश के तहत हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को गोदाम में रखा गया।राजपुर थाना प्रभारी श्रीनिवास ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय ने कहा कि पुलिस वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान कर रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।