__ बलिराजगढ़ गोलीकांड के बाद पुलिस और एसटीएफ को थी निलंबित एसआई चंद्रमोहन सिंह की तलाश, सिर में लगी थी गोली; कमर में लटकी मिली सर्विस पिस्टल
केटी न्यूज/डुमरांव।
मधुबनी के बलिराजगढ़ में एक ग्रामीण की हत्या और तीन लोगों को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे निलंबित एसआई चंद्रमोहन सिंह का अंत आखिरकार रहस्यमय परिस्थितियों में हुआ। करीब 11 दिनों से पुलिस और एसटीएफ की तलाश के बावजूद गिरफ्त से बाहर रहे चंद्रमोहन का शव गुरुवार की रात करीब 10 बजे बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ स्थित एक झाड़ी से बोरे में बरामद किया गया। इस खबर ने बक्सर जिले के डुमरांव प्रखंड स्थित उसके पैतृक गांव चिलहरी को गहरे सदमे में डाल दिया। शुक्रवार को पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा। जिस घर से कभी एक पुलिसकर्मी के परिवार की पहचान जुड़ी थी, वहां अब अपनों को खोने का गम और घटना को लेकर उठ रहे सवालों की खामोशी थी।

पुलिस के अनुसार, झाड़ी में बोरे के भीतर मिले शव के सिर में गोली लगी थी। उसकी कमर में सर्विस पिस्टल लटकी हुई थी। मौके से पुलिस ने पिस्टल के अलावा लैपटॉप, मोबाइल और आधार कार्ड भी बरामद किया। आधार कार्ड के आधार पर शव की पहचान चंद्रमोहन सिंह के रूप में हुई। फिलहाल उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय है।

__ एक रात में खूनी संघर्ष में बदल गया था विवाद
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत बीते 2 नवंबर की रात हुई थी। बताया जाता है कि बलिराजगढ़ पुलिस पिकेट के समीप एक घर में कथित तौर पर गलत नीयत से प्रवेश करने के आरोप में ग्रामीणों ने चंद्रमोहन को एक कमरे में बंद कर दिया था। देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ जुट गई। भीड़ से घिरने के बाद उसने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से करीब छह राउंड गोलियां चला दीं। इस गोलीबारी में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आरोपी एसआई फरार हो गया। इसके बाद से ही पुलिस और एसटीएफ उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।

__ चिलहरी में घर के भीतर कैद रहा परिवार का दर्द
चंद्रमोहन की मौत की खबर पहुंचते ही चिलहरी में सन्नाटा छा गया। शुक्रवार सुबह से ही गांव की गलियों में सामान्य दिनों की अपेक्षा आवाजाही काफी कम रही। परिवार के पुरुष सदस्य शव लाने के लिए मधुबनी गए हुए थे। घर पर महिलाएं मौजूद थीं, लेकिन वे इस पूरे मामले पर कुछ भी बोलने से बचती रहीं। चंद्रमोहन चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो भाई दिव्यांग हैं, जबकि तीसरा गांव में छोटी किराना दुकान चलाता है। तीनों भाई अपनी मां के साथ पैतृक गांव में रहते हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, चंद्रमोहन का गांव में आना-जाना कम था और वह लंबे समय से नियमित रूप से यहां नहीं रहता था। कुछ ग्रामीणों ने घटना के बाद उसके चुपके से गांव आने की चर्चा भी की। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उसकी तलाश में पुलिस और एसटीएफ ने चिलहरी सहित कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की थी।

__ सिपाही से एसआई तक पहुंचा था सफर
चंद्रमोहन सिंह की बिहार पुलिस में नियुक्ति वर्ष 2010 में सिपाही के पद पर हुई थी। बाद में पदोन्नति पाकर वह सहायक अवर निरीक्षक बना। मधुबनी के बलिराजगढ़ में तैनाती के दौरान एक युवती से कथित संबंधों की चर्चा सामने आई थी। बताया जाता है कि वह ड्यूटी के दौरान उससे मिलने उसके घर पहुंचा था और इसी दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

चंद्रमोहन के पिता रविन्द्र सिंह सेना में जवान थे। उनके खिलाफ तीन सैन्यकर्मियों की हत्या से जुड़े गंभीर मामले में मुकदमा चला था और उन्हें करीब 14 वर्ष तक जेल में रहना पड़ा था। पिता का पुराना आपराधिक मामला भी अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक पुलिसकर्मी का खूनी वारदात में नाम आना और फिर 11 दिनों बाद उसका शव मिलना कई सवाल छोड़ गया है। अब पुलिस जांच से ही स्पष्ट हो सकेगा कि चंद्रमोहन की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।