रघुनाथपुर स्टेशन पर स्पेशल ट्रेनों का ठहराव, यात्रियों में खुशी

रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर दो प्रमुख समर स्पेशल ट्रेनों के ठहराव सुनिश्चित होने से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। विशेष ट्रेन संख्या 04069/70 (आनंद विहार–शेखपुरा एसी समर स्पेशल) तथा 09061/62 (उधना जंक्शन–जयनगर समर स्पेशल) के ठहराव को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे स्थानीय रेल यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

रघुनाथपुर स्टेशन पर स्पेशल ट्रेनों का ठहराव, यात्रियों में खुशी

__ क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद, अन्य ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर दो प्रमुख समर स्पेशल ट्रेनों के ठहराव सुनिश्चित होने से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। विशेष ट्रेन संख्या 04069/70 (आनंद विहार–शेखपुरा एसी समर स्पेशल) तथा 09061/62 (उधना जंक्शन–जयनगर समर स्पेशल) के ठहराव को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे स्थानीय रेल यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।रेलयात्री कल्याण समिति, दानापुर मंडल के महामंत्री शैलेश ओझा ने इस निर्णय के लिए रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह ठहराव लंबे समय से की जा रही मांग और लगातार प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने जानकारी दी कि सितंबर 2025 में समिति के प्रतिनिधिमंडल ने दानापुर के डीसीएम अभिषेक तिवारी से मुलाकात कर रघुनाथपुर स्टेशन पर पूजा एवं समर स्पेशल ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी थी।

इसके बाद मार्च 2026 में समिति ने दिल्ली स्थित रेल मंत्रालय के अधिकारियों से भी संपर्क कर अपनी बात रखी।लगातार प्रयासों के फलस्वरूप एक के बाद एक स्पेशल ट्रेनों का ठहराव मिलने पर समिति के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शेष मांगों पर भी जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।समिति से जुड़े शंभू चंद्रवंशी, अजय उपाध्याय, विंध्याचल शाही, विशाल सिंह, आनंद शर्मा, अश्विनी ओझा, आकाश पाराशर, राकेश कश्यप, रवि कुमार, मुहम्मद राजू, मिथिलेश यादव, अनिल मुखिया और मनोज चौधरी सहित अन्य ग्रामीणों ने भी इस उपलब्धि को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर ग्रामीणों और समिति ने रेलवे प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। इनमें बलिया–जगजीवन हाल्ट आरा रेल लाइन का एलाइनमेंट पश्चिम की ओर कर रघुनाथपुर से जोड़ने, मंडुआडीह–पटना जनशताब्दी, श्रमजीवी, पंजाब मेल, पटना–कोटा, कुंभ एवं उपासना एक्सप्रेस के ठहराव की व्यवस्था करने की मांग प्रमुख है। साथ ही पटना–वाराणसी के बीच एक जोड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाने तथा झारखंड के प्रमुख शहरों रांची, धनबाद और टाटानगर से चलने वाली ट्रेनों का बक्सर तक विस्तार कर रघुनाथपुर में ठहराव देने की भी मांग उठाई गई है।ग्रामीणों का कहना है कि रघुनाथपुर धार्मिक और औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है।

यहां स्थित ब्रह्मपुर धाम आरा, बक्सर और बलिया के श्रद्धालुओं का प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इसके अलावा स्टेशन के पास पर्याप्त भूमि, चार प्लेटफॉर्म, जेके सीमेंट फैक्ट्री, नावानगर औद्योगिक क्षेत्र और बक्सर ताप विद्युत परियोजना इसकी उपयोगिता को और बढ़ाते हैं।ग्रामीणों ने सुझाव दिया कि यदि रघुनाथपुर के पास “वाई ट्रायंगल” के रूप में जंक्शन विकसित किया जाता है, तो ट्रेनों को इंजन रिवर्सल की आवश्यकता नहीं होगी। इससे समय और लागत की बचत के साथ रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होगी।