वीर कुंवर सिंह सेतु पर मौत का झटका: पिंडदान कर अयोध्या जा रहे तेलंगाना के यात्रियों की बस ट्रक से भिड़ी

गया में पितृपक्ष मेले के दौरान पिंडदान की धार्मिक प्रक्रिया पूरी कर अयोध्या की ओर बढ़ रहे तेलंगाना के यात्रियों की यात्रा सोमवार की अहले सुबह अचानक हादसे में बदल गई। वीर कुंवर सिंह सेतु पर करीब चार बजे यात्रियों से भरी बस की एक ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

वीर कुंवर सिंह सेतु पर मौत का झटका: पिंडदान कर अयोध्या जा रहे तेलंगाना के यात्रियों की बस ट्रक से भिड़ी

__ अहले सुबह हुए भीषण हादसे में 22 यात्री घायल, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज; क्षतिग्रस्त बस पुल से हटाकर यातायात कराया गया सामान्य

केटी न्यूज/बक्सर

गया में पितृपक्ष मेले के दौरान पिंडदान की धार्मिक प्रक्रिया पूरी कर अयोध्या की ओर बढ़ रहे तेलंगाना के यात्रियों की यात्रा सोमवार की अहले सुबह अचानक हादसे में बदल गई। वीर कुंवर सिंह सेतु पर करीब चार बजे यात्रियों से भरी बस की एक ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस सवार करीब 22 यात्री घायल हो गए। घटना के बाद पुल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।बताया जाता है कि तेलंगाना के रहने वाले श्रद्धालु गया में पितृपक्ष मेले में पिंडदान का कार्य संपन्न करने के बाद बस से अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। रातभर की यात्रा के बाद बस जब वीर कुंवर सिंह सेतु पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और यात्री मदद के लिए गुहार लगाने लगे।घटना की जानकारी मिलते ही नरही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद बक्सर पुलिस की टीम भी सदर अस्पताल पहुंची और घायलों के उपचार तथा आवश्यक सहायता की व्यवस्था में जुट गई।

सदर अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी की स्थिति चिकित्सकीय नियंत्रण में बताई जा रही है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन भी उपचार व्यवस्था में सक्रिय रहा।इधर, हादसे के कारण वीर कुंवर सिंह सेतु पर यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को तत्काल पुल से हटवाया। बस को भरौली गोलंबर के समीप खड़ा कराया गया, जिसके बाद पुल पर आवागमन को सुचारू कराया गया।

__ इन यात्रियों को आई चोटें

हादसे में के. वेणु राव, के. राजेश्वरी राव, के. नारायण राव, के. स्वामी राव, के. विजयल राव, के. संपत राव, पी. इलैया, जी. राम रेड्डी, जी. राजू रेड्डी, के. संपत, वी. सर्वैया, बी. इलैया, वी. रामा राव, टी. एहेशिया, पी. वेंकट राव, टी. संपत राव, टी. नरसिंह राव और जी. राजेश्वरी राव समेत कुल 22 यात्री घायल हुए हैं।पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर बस और ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनास्थल का जायजा लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।