11 शिक्षकों की विदाई में छलकीं यादें, भावुक हुआ डुमरी स्कूल परिवार
केपी प्लस टू उच्च विद्यालय डुमरी का माहौल बुधवार को उस समय भावुक हो उठा, जब विद्यालय के 11 शिक्षकों को सरप्लस नियमावली के तहत स्थानांतरण के बाद आयोजित सामूहिक विदाई समारोह में भावभीनी विदाई दी गई।

__सरप्लस नियमावली के तहत स्थानांतरण के बाद हुआ सामूहिक विदाई समारोह, फूलमाला, अंगवस्त्र व उपहार देकर शिक्षकों को दी गई भावभीनी विदाई
केटी न्यूज/सिमरी।
केपी प्लस टू उच्च विद्यालय डुमरी का माहौल बुधवार को उस समय भावुक हो उठा, जब विद्यालय के 11 शिक्षकों को सरप्लस नियमावली के तहत स्थानांतरण के बाद आयोजित सामूहिक विदाई समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। वर्षों से विद्यालय परिवार का हिस्सा रहे इन शिक्षकों के स्थानांतरण से सहकर्मियों और विद्यार्थियों के बीच भी भावनात्मक माहौल देखने को मिला।विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक उपेंद्र राय, वरिष्ठ शिक्षक रंजन कुमार, मोहम्मद अशफाक, दिलीप कुमार, वीरेंद्र कुमार, श्रीभगवान शर्मा, श्वेता श्रीवास्तव, मिहिर कुमार, संतोष कुमार सिंह, नेहा कुमारी तथा हफिज महफूज को विद्यालय परिवार की ओर से अंगवस्त्र, बुके, फूलमाला, कलम-डायरी सहित अन्य उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस दौरान शिक्षकों के कार्यकाल और विद्यालय के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।वक्ताओं ने कहा कि इन शिक्षकों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके स्थानांतरण से विद्यालय परिवार में जो रिक्तता उत्पन्न हुई है, उसकी भरपाई आसान नहीं होगी। विद्यालय के लिए उनका योगदान और उनके साथ बिताए गए पल लंबे समय तक याद किए जाते रहेंगे।विदाई के दौरान स्थानांतरित शिक्षकों ने भी विद्यालय परिवार के प्रति आभार जताया।

उन्होंने कहा कि डुमरी विद्यालय से उन्हें जो स्नेह, सम्मान और अपनापन मिला, उसे वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे। विद्यालय में बिताए समय को उन्होंने अपने जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय बताते हुए सहकर्मियों और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाध्यापक अभिषेक कुमार ने की। मौके पर शिक्षक संजय कुमार दुबे, सेराजुल इस्लाम, मनीष सिंह, राहुल ओझा, प्रकाश पांडेय, प्रशांत कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में विदाई के भावुक पलों के बीच समारोह संपन्न हुआ।

