__ कनझरुआं पंचायत सरकार भवन परिसर के नवनिर्मित तालाब में डूबने से दस वर्षीय बालक की मौत, मिट्टी में धंसा मिला शव; दो बेटों में सबसे छोटा था ऋतिक, गांव में पसरा मातमी सन्नाटा
केटी न्यूज/डुमरांव।
घर-आंगन में जिस मासूम की किलकारियों से खुशियां गूंजती थीं, उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गुरुवार की दोपहर कोरान सराय थाना क्षेत्र के कनझरुआं गांव में खेलते-खेलते दस वर्षीय ऋतिक कुमार की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पंचायत सरकार भवन परिसर में हाल ही में खुदाई कराए गए तालाब में हुए इस हादसे ने न सिर्फ एक परिवार का चिराग बुझा दिया, बल्कि पूरे गांव को शोक में डुबो दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, कनझरुआं पंचायत के वार्ड संख्या 10 निवासी शशि शेखर सिंह उर्फ राजू यादव का पुत्र ऋतिक गुरुवार की दोपहर गांव के पूरब स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह तालाब के किनारे पहुंच गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद अन्य बच्चों ने जब उसे डूबते देखा तो शोर मचाया। बच्चों की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब में उतरकर उसकी तलाश शुरू कर दी।

काफी मशक्कत के बाद तालाब के भीतर मिट्टी में धंसे ऋतिक को बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-पिता सहित परिवार के अन्य सदस्यों की चीख-पुकार से घटनास्थल का माहौल बेहद गमगीन हो गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए।

बताया जाता है कि ऋतिक दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई भी मानसिक रूप से कमजोर है। ऐसे में परिवार के लिए यह हादसा असहनीय पीड़ा बनकर सामने आया है। जिस घर में बच्चों की हंसी गूंजती थी, वहां अब मातम पसरा है।
घटना की सूचना मिलने पर कोरान सराय पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।