केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।
कर्नाटक में हुए चर्चित अधिवक्ता हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्याकांड के मुख्य आरोपित अमित कुमार दुबे ने गुरुवार को कृष्णाब्रह्म थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। वह बक्सर जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़का ढकाइच गांव का निवासी है।

खास बात यह रही कि उसके आत्मसमर्पण के दौरान कर्नाटक पुलिस की टीम भी थाने में मौजूद रही। पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश और गिरफ्तारी के लिए बनाए जा रहे दबाव के बीच आरोपित ने आखिरकार खुद थाने पहुंचने का फैसला किया।

जानकारी के अनुसार, कर्नाटक में अधिवक्ता की हत्या के बाद से ही अमित कुमार दुबे पुलिस के रडार पर था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कर्नाटक पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। वहीं, स्थानीय पुलिस भी उसकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए थी। बताया जाता है कि आरोपित की घेराबंदी तेज कर दी गई थी और उस पर आत्मसमर्पण करने का दबाव लगातार बढ़ रहा था। इसी दबाव के बीच गुरुवार को वह कृष्णा ब्रह्म थाने पहुंच गया।

थानाध्यक्ष चंदन कुमार की मौजूदगी में आत्मसमर्पण की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान कर्नाटक पुलिस के अधिकारी भी मौजूद थे। अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर्नाटक पुलिस द्वारा की जाएगी। आत्मसमर्पण के बाद आरोपित को लेकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

गौरतलब है कि दूसरे राज्य में हुए चर्चित हत्याकांड के मुख्य आरोपित का अपने गृह क्षेत्र के थाने में आत्मसमर्पण करना जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया से हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल में मदद मिलेगी।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।