किसानों ने नहर में पानी की आपूर्ति को लेकर भाजपा नेताओं संग उठाई आवाज
डुमरांव अनुमंडल के केसठ और आसपास के गांवों के किसानों ने धान की रोपनी को लेकर उत्पन्न संकट पर आवाज बुलंद की है। इस क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा नहीं होने और नहरों में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं।

केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव अनुमंडल के केसठ और आसपास के गांवों के किसानों ने धान की रोपनी को लेकर उत्पन्न संकट पर आवाज बुलंद की है। इस क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा नहीं होने और नहरों में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं।
इन समस्याओं को लेकर किसानों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत तिवारी के साथ मिलकर भाजपा नेत्री प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में पूर्व कृषि मंत्री एवं आरा सदर से वर्तमान विधायक अमरेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात की। किसानों ने बताया कि केसठ, रामपुर और चौगाईं क्षेत्रों की नहरों में समय पर और पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा जा रहा है, जिससे खेतों में धान की रोपाई रुक गई है।
किसानों ने रोष जताते हुए आरोप लगाया कि स्थानीय जनप्रतिनिधि उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं। गांवों में कई किसान ऐसे हैं जिन्होंने धान की बिचड़ा तो डाल दी, लेकिन नहर में पानी नहीं आने से रोपाई नहीं हो पा रही है। बिजली की अनियमित आपूर्ति ने भी ट्यूबवेल के जरिए पटवन को मुश्किल बना दिया है।
किसानों की इस चिंता को गंभीरता से लेते हुए अमरेंद्र प्रताप सिंह ने तत्काल बक्सर के जिलाधिकारी, सोन नहर परियोजना के कार्यपालक अभियंता एवं विक्रमगंज के इंजीनियरों से बात कर मामले से अवगत कराया। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि किसानों के लिए शीघ्र पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हो।
अधिकारियों ने भी किसानों की समस्याओं को गंभीर मानते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं को दूर कर जल्द ही नहरों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
इस पहल से क्षेत्र के किसानों को उम्मीद जगी है कि जल्द ही उनके खेतों तक पानी पहुंचेगा और धान की रोपाई दोबारा गति पकड़ेगी। किसानों ने भाजपा नेताओं का आभार जताया कि उन्होंने उनकी बात को सही मंच तक पहुंचाया और समाधान की दिशा में प्रयास किया।