मनोहरपुर में महाशिवरात्रि पर सजी सुरों की जंग, मुन्ना माखन व मिथिलेश प्रेमी के बीच छिड़ा ‘दो गोला’ मुकाबला
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रखंड के मनोहरपुर स्थित जोगियावीर बाबा आश्रम परिसर रविवार की रात भक्ति और लोक संस्कृति के रंग में पूरी तरह रंग गया। पारंपरिक ‘दो गोला’ सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुर के चर्चित ब्यास मुन्ना माखन और उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय गायक मिथिलेश प्रेमी के बीच सुरों की रोमांचक जंग देखने को मिली।
केटी न्यूज/राजपुर
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रखंड के मनोहरपुर स्थित जोगियावीर बाबा आश्रम परिसर रविवार की रात भक्ति और लोक संस्कृति के रंग में पूरी तरह रंग गया। पारंपरिक ‘दो गोला’ सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुर के चर्चित ब्यास मुन्ना माखन और उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय गायक मिथिलेश प्रेमी के बीच सुरों की रोमांचक जंग देखने को मिली।कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव की वंदना से हुई। इसके बाद दोनों कलाकारों ने बारी-बारी से शिव भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, जिनमें डमरू की धुन और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।

माहौल तब और रंगीन हो गया जब होली के शृंगारिक गीतों की प्रस्तुति शुरू हुई। दर्शक झूमने को मजबूर हो गए और तालियों की गड़गड़ाहट से रात देर तक उत्साह बना रहा।आगत अतिथियों का स्वागत कलाकारों ने गुलाल लगाकर किया, जिससे कार्यक्रम में होली की झलक भी साफ दिखाई दी। तियरा, मनोहरपुर, सखुआना, अकोढ़ी, जमौली, राजपुर समेत दर्जनों गांवों से पहुंचे हजारों ग्रामीणों ने देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लिया।ग्रामीणों ने बताया कि यह आयोजन वर्षों से होता आ रहा है और इसका उद्देश्य स्थानीय लोक संस्कृति और पारंपरिक ‘दो गोला’ शैली को जीवित रखना है।

बदलते दौर में भी गांव की मिट्टी से जुड़ी इस सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का प्रयास सराहनीय है।मौके पर अरुण यादव, श्याम बिहारी सिंह, दीपक कुमार, मुखिया प्रतिनिधि राम अवतार राम, पैक्स प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह, बिहारी रजक, संजय पांडेय, गोपाल साह, बरमेश्वर पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।महाशिवरात्रि की रात मनोहरपुर में भक्ति, रंग और लोक परंपरा का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।

