प्रतापसागर में ज्वेलरी दुकान को बनाया निशाना, पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर वारदात को दिया अंजाम; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रतापसागर में चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी कर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को बेहद शातिराना अंदाज में अंजाम दिया गया। चोर दुकान के पिछले हिस्से से दीवार फांदकर अंदर पहुंचे और पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया।

केटी न्यूज/डुमरांव।
प्रतापसागर में चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी कर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को बेहद शातिराना अंदाज में अंजाम दिया गया। चोर दुकान के पिछले हिस्से से दीवार फांदकर अंदर पहुंचे और पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। इसके बाद लॉकर को निशाना बनाते हुए उसमें रखे आभूषण लेकर आसानी से फरार हो गए।चोरी की यह घटना चिलहरी निवासी विजय सेठ की प्रतापसागर स्थित ज्वेलरी दुकान में हुई। सुबह जब दुकान खोलने के लिए संचालक पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।

दुकान में सामान बिखरा पड़ा था और लॉकर का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर सोने-चांदी के करीब पांच लाख रुपये मूल्य के आभूषण गायब मिले। इसके बाद आसपास के लोगों को भी घटना की जानकारी हुई, जिससे मौके पर भीड़ जुट गई।घटना की सूचना तत्काल नया भोजपुर थाना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरों के संभावित प्रवेश और निकास वाले रास्तों की भी जांच की। घटनास्थल से उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस के लिए सबसे अहम कड़ी दुकान के आसपास लगे कैमरों की फुटेज मानी जा रही है। फुटेज के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी के बाद वे किस दिशा में भागे। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों और पूर्व की घटनाओं के आधार पर भी जांच शुरू कर दी है।नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

