__ जगदीश आई हॉस्पिटल में जरूरतमंदों की आंखों की जांच, ऑपरेशन व लेंस प्रत्यारोपण की मिलेगी सुविधा; गुरुवार को होगा कंबल वितरण

केटी न्यूज/डुमरांव।
माता-पिता की स्मृतियों को केवल यादों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें जनसेवा का माध्यम बनाना समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। इसी सोच के साथ जे.पी. मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट एवं रोटरी क्लब बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को डुमरांव के कड़वी स्थित जगदीश आई हॉस्पिटल में निःशुल्क नेत्र जांच, ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर का शुभारंभ किया गया। स्व. जगदीश प्रसाद की स्मृति में आयोजित इस सेवा शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराना है। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर परिषद डुमरांव के कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि नेत्र ज्योति से बढ़कर कोई उपहार नहीं है।

समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और जरूरतमंदों की सेवा करना ही जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि निःशुल्क नेत्र शिविर में सहभागी बनकर इस पुनीत कार्य का हिस्सा होना उनके लिए सुखद और प्रेरणादायक अनुभव है। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि राहुलधर दुबे एवं विशिष्ट अतिथि रोटरी जिलाध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह ने स्व. जगदीश प्रसाद तथा माता स्व. शिवकुमारी देवी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। दोनों अतिथियों ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताया।

इस अवसर पर रोटरी जिलाध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह ने भावुक अंदाज में कहा कि धन्य हैं वे माता-पिता, जिन्होंने प्रदीप जायसवाल जैसे पुत्र को जन्म दिया। जो अपने माता-पिता की स्मृति में इस तरह के जनकल्याणकारी आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की आंखों में रोशनी लौटाने से बड़ा सेवा कार्य दूसरा नहीं हो सकता। वहीं, ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी सह रोटेरियन प्रदीप जायसवाल ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का स्वागत किया। उन्होंने शिविर के आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए जरूरतमंदों की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव शत्रुघ्न प्रसाद गुप्ता उर्फ मोहन गुप्ता ने किया।

इस दौरान रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह, रेडक्रॉस सचिव मोहन गुप्ता, अजीत जायसवाल, कमलेश सिंह, डॉ. अजीत सिंह, राहुल राघवन, प्रमोद कुमार जायसवाल एवं पंकज कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं, रोटरी जगदीश आई हॉस्पिटल के डायरेक्टर सह रोटेरियन प्रदीप जायसवाल ने बताया कि सेवा अभियान के तहत गुरुवार को जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस पहल के जरिए नेत्र चिकित्सा के साथ-साथ ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने का भी प्रयास किया जा रहा है।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।