-- नाथ बाबा घाट पर परिवार से बिछड़कर रो रहा था जगदीशपुर निवासी आशीष गुप्ता
--काफी मशक्कत के बाद मिला परिजनों का पता; बेटे को सकुशल पाकर पिता विनीत शाह ने जताया आभार
केटी न्यूज /बक्सर।

लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान बक्सर के नाथ बाबा घाट पर मानवता और सामाजिक संवेदनशीलता की एक मिसाल देखने को मिली। छठ पूजा के दौरान भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़ा मासूम आशीष गुप्ता काफी देर तक रोता रहा। बच्चे को परेशान देखकर समाजसेवी सुन्दरम कुमार ने मानवीय पहल करते हुए उसे उसके परिवार से मिलाने की जिम्मेदारी उठाई।

जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर निवासी विनीत शाह का पुत्र आशीष गुप्ता छठ घाट पर अपने परिजनों से बिछड़ गया था। भीड़भाड़ के बीच परिवार का साथ छूटने से बच्चा घबरा गया और रोने लगा। इसी दौरान सुन्दरम कुमार की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने बच्चे को संभाला और उसे ढांढस बंधाते हुए उसके परिजनों की तलाश शुरू की।

काफी प्रयास और मशक्कत के बाद सुन्दरम कुमार ने बच्चे के परिवार का पता लगा लिया। इसके बाद मासूम आशीष को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटे को सुरक्षित वापस पाकर पिता विनीत शाह और परिवार के अन्य सदस्यों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने सुन्दरम कुमार के इस सराहनीय कार्य के लिए उनका आभार जताया और धन्यवाद दिया।

इस मानवीय पहल की लोगों ने भी सराहना की। सुन्दरम कुमार ने अपने कार्य से संदेश दिया कि जरूरतमंद की मदद करना ही मानवता की सच्ची पहचान है। साथ ही उन्होंने त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले घाटों पर बच्चों का विशेष ध्यान रखने की जिम्मेदारी सभी को याद दिलाई।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।