__ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, डीएम ने जिलेवासियों को दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं

केटी न्यूज/बक्सर।
लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के पहले अर्घ्य के अवसर पर रविवार की शाम जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और घाटों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से डीएम साहिला एवं एसपी शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से बक्सर नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़, आवागमन की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, सुरक्षा प्रबंध एवं भीड़ नियंत्रण की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। विशेष रूप से व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की समीक्षा की गई।

डीएम साहिला ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान घाटों पर सुरक्षा के सभी निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। घाटों पर तैनात कर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने का निर्देश दिया गया।

वहीं, डीएम और एसपी ने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि घाटों पर की गई बैरिकेडिंग को पार कर आगे नहीं जाएं और गहरे पानी में उतरने से बचें। खतरनाक एवं असुरक्षित घाटों पर जाने से परहेज करें। साथ ही घाटों पर पटाखे नहीं जलाने तथा आसपास के क्षेत्रों में गंदगी नहीं फैलाने की भी अपील की गई।

इस अवसर पर डीएम साहिला ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए पर्व को शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।

जिला प्रशासन की ओर से छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए अधिकारी एवं कर्मी लगातार सजग रहे।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।