__ स्व. दिनेश ओझा की स्मृति में समाजसेवी बिमलेश ओझा ने ग्रामीणों को समर्पित की एंबुलेंस, डुमरांव-बक्सर से पटना और बनारस तक मरीजों को पहुंचाने की होगी निःशुल्क व्यवस्था
केटी न्यूज/डुमरांव।
गांव में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की परेशानी के बीच बड़का सिंहनपुरा के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। छठ महापर्व के अवसर पर समाजसेवी बिमलेश ओझा उर्फ पप्पू ने अपने दिवंगत पिता स्व. दिनेश ओझा की स्मृति में गांव को निःशुल्क एंबुलेंस सेवा समर्पित की है। यह सेवा पैगंबरपुर पंचायत के गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी। खासकर गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अब अस्पताल पहुंचने के लिए वाहन की तलाश और आर्थिक तंगी से जूझना नहीं पड़ेगा।

रविवार की शाम आयोजित समारोह में बुजुर्ग पंडित विश्वनाथ ओझा ने फीता काटकर एंबुलेंस सेवा का उद्घाटन किया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना भी की गई। गांव में एंबुलेंस पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने इसे केवल एक वाहन की व्यवस्था नहीं, बल्कि जरूरत के समय जीवन बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
__ डुमरांव से पटना और बनारस तक मिलेगी सुविधा

इस एंबुलेंस सेवा का लाभ पंचायत का कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति आपात स्थिति में उठा सकेगा। मरीजों को डुमरांव और बक्सर के अस्पतालों के साथ आवश्यकता पड़ने पर पटना और बनारस तक निःशुल्क पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। सेवा के लिए हेल्पलाइन नंबर 9430091258 जारी किया गया है। ग्रामीण इस नंबर पर संपर्क कर किसी भी समय एंबुलेंस बुला सकेंगे।
__ दान से समाज का भला हो, यही सेवा का उद्देश्य

इस पहल पर बिमलेश ओझा उर्फ पप्पू ने कहा कि अपने परिवार के लिए तो हर कोई सोचता है, लेकिन दूसरों की तकलीफ समझकर उनकी मदद करना ही वास्तविक समाजसेवा है। स्व. दिनेश ओझा ने अपना जीवन गांव और समाज के हित में समर्पित किया था। उनकी स्मृति को जीवंत रखने तथा जरूरतमंद परिवारों की सहायता के उद्देश्य से छठी मैया के आशीर्वाद से यह सेवा शुरू की गई है।

वहीं, दिलीप ओझा ने एंबुलेंस सेवा की सराहना करते हुए गांव की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस की व्यवस्था तभी पूरी तरह कारगर होगी, जब गांव के अंदर तक सड़क भी दुरुस्त हो। आज भी मरीजों को कई बार खाट के सहारे मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध लोगों से गांव में कम से कम एक सुगम मार्ग विकसित कराने की अपील की।
__ सामाजिक योगदान के लिए याद किए जाते हैं दिनेश ओझा

उल्लेखनीय है कि भाजपा नेता स्व. दिनेश ओझा सामाजिक समरसता और जनसेवा के कार्यों के लिए जाने जाते थे। 17 फरवरी 2017 को उनके आकस्मिक निधन के बाद भी ग्रामीण उनके योगदान को याद करते हैं। उनकी स्मृति में शुरू की गई यह पहल उनके सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

कार्यक्रम में मुखिया वीरेंद्र पाठक, हेमचंद्र ओझा, विनय शंकर ओझा, पूर्व मुखिया श्रीकुमार ओझा उर्फ पप्पू, पूर्व सरपंच निरंजन ओझा, पंडित रविभूषण ओझा, कमलेश मिश्रा, सुरेंद्र ओझा, दिलीप ओझा, राजन ओझा, सुनील ओझा, संतोष माली, धनजी ओझा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।