दशहरा मेला में असामाजिक तत्वों पर पुलिस की रहेगी कड़ी निगरानी

शारदीय नवरात्र की शुरुआत तीन अक्टूबर से होगी। डुमरांव के दशहरा मेला में शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद इंतजाम किये जायेंगे।

दशहरा मेला में असामाजिक तत्वों पर पुलिस की रहेगी कड़ी निगरानी
फाइल फोटो

केटी न्यूज/डुमरांव 

शारदीय नवरात्र की शुरुआत तीन अक्टूबर से होगी। डुमरांव के दशहरा मेला में शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद इंतजाम किये जायेंगे। मेला के दौरान असामाजिक तत्वों की निगरानी तीसरी आंख से की जायेगी। ऐसे लोगों से निपटने को लेकर अभी से ही पुलिस पदाधिकारियों ने रणनीति बनानी शुरू कर दी हैं। शहर सहित आसपास के इलाकों में पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की जायेगी। इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने अपनी योजना बनायी हैं। शारदीय नवरात्र में डुमरांव के सड़को पर महिला व पुरुष बल के जवानों की चहलकदमी बढ़ेगी। हर पूजा-पंडालों के समीप पुलिस बल के जवान तैनात किए जायेंगे। थानाध्यक्ष शंभू कुमार भगत ने बताया कि विधि-व्यवस्था को लेकर किसी तरह का समझौता नही होगा। कानून व्यवस्था ना बिगड़े इसके लिए सभी दरोगा को सख्त हिदायत दी गयी है। सभी भीड़भाड़ वाले इलाके में पुलिस असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखेगी। पुलिस उन जगहों को चिन्हित कर रही है, जहां दशहरा मेला के दौरान पूरी रात श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। जिसमें महिलाओं की संख्या ज्यादातर होती है। ऐसी हालत में पुलिस सबकी सुरक्षा को लेकर मुस्तैदी से खड़ी रहेगी। उन्होंने बताया कि दशहरा पर कानून व्यवस्था की निगरानी को लेकर शहर में तीन वॉच टावर नप के सहयोग से बनाने की पहल की गयी है, जिस पर प्रशासनिक अधिकारी कैमरों की नज़र से निगरानी रखेंगे। वॉच टावर राज अस्पताल मोड़, राजगढ़ चौक और स्टेट बैंक के समीप तैयार होंगे। इन टावरों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाये जायेंगे। जिसके तहत मनचलों को पकड़ने में पुलिस को सहूलियत मिलेगी।