चक्की में स्कूल के पास बोरे में बंद मिली युवती की लाश, गुमशुदगी पर थाने की चुप्पी पर उठे सवाल

चक्की थाना क्षेत्र के चुन्नी डेरा गांव में शनिवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब प्राथमिक विद्यालय परिसर के समीप एक बोरे से तेज दुर्गंध उठने लगी। विद्यालय पहुंचे शिक्षकों को शक हुआ तो उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। बोरा खोले जाने पर जो दृश्य सामने आया, उसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया, बोरे में कसकर बांधा गया शव 18 वर्षीय सुनीता कुमारी का था।

चक्की में स्कूल के पास बोरे में बंद मिली युवती की लाश, गुमशुदगी पर थाने की चुप्पी पर उठे सवाल

-- चक्की चुन्नी डेरा की है घटना, जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे डुमरांव एसडीपीओ, कई बिंदुओं पर सूक्ष्मता से जांच कर रही है पुलिस

-- तीन माह बाद होनी थी शादी, मां ने लगाया पूर्व में धमकी देने वाले पट्टीदार पर आरोप, पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की बात कही

केटी न्यूज/चक्की

चक्की थाना क्षेत्र के चुन्नी डेरा गांव में शनिवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब प्राथमिक विद्यालय परिसर के समीप एक बोरे से तेज दुर्गंध उठने लगी। विद्यालय पहुंचे शिक्षकों को शक हुआ तो उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। बोरा खोले जाने पर जो दृश्य सामने आया, उसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया, बोरे में कसकर बांधा गया शव 18 वर्षीय सुनीता कुमारी का था।शव का चेहरा क्षतिग्रस्त हो गया था। देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि हत्या के बाद पहचान छिपाने की नियत से उसे तेजाब से जलाया गया है।घटना की खबर फैलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। मां फूलकुमारी देवी ने धारदार औजार से बोरा काटकर बेटी का शव बाहर निकाला।

बेटी की हालत देख परिवार में कोहराम मच गया।सुनीता तीन बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी और उसकी शादी तीन महीने बाद सरना भरौली गांव में तय थी। खास बात यह कि बड़ी बहन चिंता कुमारी के साथ एक ही मंडप में दोनों की शादी की तैयारी चल रही थी। घर में उत्सव का माहौल था, जो अब मातम में बदल गया है।परिजनों के अनुसार, सोमवार की शाम करीब छह बजे सुनीता घर पर थी। उसी समय उसकी मां दुकान पर चीनी लेने गई थीं। आरोप है कि इसी बीच अज्ञात लोग उसे घर से उठा ले गए। परिवार ने पहले आसपास खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। दो दिन बाद परिजन चक्की थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की।

उनका आरोप है कि पुलिस ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं की और यह कहकर लौटा दिया कि “चार दिनों में लड़की मिल जाएगी।”मां फूलकुमारी देवी ने गांव के ही एक पट्टीदार पर पहले से धमकी देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पूर्व में विवाद के कारण परिवार को डराया-धमकाया गया था। उन्होंने आशंका जताई है कि उसी रंजिश में हत्या कर शव को विद्यालय परिसर के पास फेंक दिया गया। हालांकि पुलिस ने अभी किसी पर सीधे आरोप की पुष्टि नहीं की है।घटना की सूचना मिलते ही चक्की थाना पुलिस और बक्सर के एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पूर्व में इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है।इस हृदयविदारक घटना ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तत्परता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर गुमशुदगी दर्ज कर गंभीरता से जांच की जाती, तो शायद सुनीता की जान बच सकती थी। फिलहाल पूरा गांव न्याय की मांग कर रहा है और परिजन दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

--कई बिंदुओं पर जांच कर रही है पुलिस

इस मामले में पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना स्थल का मुआयना तथा परिजनों से बातचीत के बाद एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने कहा कि इस मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि परिजनों के आरोप के अलावे भी कई अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है। एसडीपीओ ने बताया कि जल्दी ही इस मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।