पुरानी रंजिश में संगरॉव नहर पुल पर खूनी हमला, वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर
केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर थाना क्षेत्र के संगरॉव गांव में पुरानी रंजिश ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। नहर पुल के समीप गांव के ही विवेकानंद पांडेय पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।मिली जानकारी के अनुसार विवेकानंद पांडेय किसी कार्य से ईसापुर खीरी मुख्य मार्ग से बक्सर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे संगरॉव नहर पुल के पास पहुंचे, पहले से मौजूद कुछ लोगों ने कथित तौर पर पुरानी दुश्मनी को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।

विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर लाठी-डंडे व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े।स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक देख चिकित्सकों ने सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया। वहां से बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर भेजा गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

घटना को लेकर पीड़ित की ओर से राजपुर थाने में लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन के आधार पर गांव के ही दिवाकर पांडेय, चंदन पांडेय सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौकीदार को अलर्ट कर दिया गया है तथा पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

