डुमरांव में प्रशिक्षण लेने आया बिहार पुलिस का हवलदार नशे में मिला, गिरफ्तार

बिहार पुलिस के जवानों को अनुशासन और कर्तव्य का पाठ पढ़ाने वाले प्रशिक्षण केंद्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रशिक्षण लेने पहुंचा एक हवलदार ही शराब के नशे में पाया गया।

डुमरांव में प्रशिक्षण लेने आया बिहार पुलिस का हवलदार नशे में मिला, गिरफ्तार

__ बिसैप कैंप में शराबबंदी की खुली चुनौती, मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि; न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी

केटी न्यूज/डुमरांव।

बिहार पुलिस के जवानों को अनुशासन और कर्तव्य का पाठ पढ़ाने वाले प्रशिक्षण केंद्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रशिक्षण लेने पहुंचा एक हवलदार ही शराब के नशे में पाया गया।डुमरांव के हरियाणा फार्म स्थित बिसैप कैंप में नशे की हालत में मिले हवलदार को डुमरांव पुलिस ने हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई। जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पकड़े गए हवलदार की पहचान दिनेश्वर उपाध्याय के रूप में हुई है। वह मोतिहारी जिले में हवलदार के पद पर प्रतिनियुक्त बताया जाता है और डुमरांव स्थित बिसैप परिसर में प्रशिक्षण के लिए आया था।

गुरुवार को प्रशिक्षण केंद्र में उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं और उसके नशे में होने की सूचना प्रशिक्षक विजय कुमार यादव ने डुमरांव पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिसैप कैंप पहुंची और हवलदार को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेजा। चिकित्सकीय जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले में कागजी कार्रवाई शुरू कर दी।डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि हुई है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

__प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्था पर भी उठे सवाल

बिसैप परिसर में प्रशिक्षण के दौरान एक हवलदार का शराब के नशे में पकड़ा जाना महज अनुशासनहीनता का मामला नहीं, बल्कि प्रशिक्षण केंद्र की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। खास बात यह है कि बिसैप परिसर पूर्व में भी शराब से जुड़े मामलों को लेकर चर्चा में रहा है। ऐसे में ताजा घटना ने परिसर में निगरानी और अनुशासन व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।