__ आटा चक्की से लेकर दुकानों और घरों तक चल रहा था बिजली का अवैध खेल, 2.60 लाख रुपये का जुर्माना; सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
केटी न्यूज/चौसा।
बिजली बिल की चोरी कर कारोबार चलाने और घरेलू जरूरतें पूरी करने वालों के खिलाफ बिजली कंपनी ने सख्त कार्रवाई की है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान बिजली चोरी के आठ मामले पकड़े गए। इनमें अवैध रूप से आटा चक्की चलाने से लेकर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और घरों में मीटर बाईपास कर बिजली का इस्तेमाल करने के मामले शामिल हैं। कंपनी ने सभी आरोपितों पर कुल 2 लाख 60 हजार 552 रुपये का जुर्माना निर्धारित करते हुए मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।सहायक विद्युत अभियंता रविराज के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न गांवों और मोहल्लों में छापेमारी कर बिजली कनेक्शनों की जांच की।

इस दौरान निधुआं गांव में चंदन कुमार को अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर आटा चक्की चलाते पकड़ा गया। उन पर 70,667 रुपये का जुर्माना लगाया गया।वहीं, लालगंज में व्यावसायिक प्रतिष्ठान के माध्यम से बिजली चोरी करने के आरोप में अमरनाथ रजक पर 61,416 रुपये तथा श्रीराम शरण सिंह पर 25,484 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसी इलाके की सुरमिला देवी पर 43,183 रुपये की आर्थिक दंड राशि निर्धारित की गई।

इटाढ़ी रोड स्थित पीसी कॉलेज के समीप मीटर बाईपास कर घरेलू बिजली चोरी के मामले में प्रीति देवी पर 36,456 रुपये, श्रीनिवास सिंह पर 8,760 रुपये और निर्मल कुमार पर 6,728 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, बोक्सा के मनीष कुमार पासवान पर 7,858 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया।बिजली कंपनी की इस कार्रवाई से अवैध रूप से बिजली का इस्तेमाल करने वालों में हड़कंप मचा है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।